मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड की अपकमिंग फिल्म रफ्तार को लेकर अभिनेता राजकुमार राव और उनकी पत्नी पत्रलेखा लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। यह फिल्म जुलाई में रिलीज होने वाली थी, परंतु कतिपय कारणों से इसे टालना पड गया है। अब इसकी नई रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है। अब यह फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को दशहरा वीकेंड पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिससे इसके बड़े बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। सोशल मीडिया पर दोनों ने बेहद भावुक अंदाज में इसकी जानकारी साझा की, जिसने फैंस का ध्यान तुरंत अपनी ओर खींच लिया। राजकुमार राव और पत्रलेखा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक संयुक्त पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि ‘रफ्तार’ उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक बेहद खास सपना है। पोस्ट में फिल्म का नाम बड़े अक्षरों में लिखा गया था और उसके साथ दोनों ने एक लंबा भावनात्मक संदेश भी साझा किया। उन्होंने लिखा कि सपनों को पूरा होने में समय लगता है और उन्हें सही तरीके से दर्शकों के सामने लाने के लिए धैर्य और मेहनत दोनों जरूरी होते हैं। पोस्ट में उन्होंने कहा कि ‘रफ्तार’ उनके संघर्ष, विश्वास और वर्षों की मेहनत का परिणाम है। इसी वजह से उन्होंने फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ाने का फैसला लिया ताकि इसे बेहतर तरीके से तैयार किया जा सके। दोनों कलाकारों ने यह भी कहा कि यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि उन लोगों की कहानी है जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार संघर्ष करते रहते हैं। उन्होंने आगे लिखा कि फिल्म महत्वाकांक्षा, डर, उम्मीद और जिंदगी में आगे बढ़ने की जिद जैसे भावनात्मक पहलुओं को ईमानदारी से दिखाएगी। राजकुमार और पत्रलेखा को उम्मीद है कि यह फिल्म दर्शकों को प्रेरित करेगी और उनके दिलों को छूने में कामयाब होगी। अपने पोस्ट में दोनों ने फैंस के प्यार और समर्थन के लिए आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि दर्शकों का भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और अब वे अपनी इस खास फिल्म को दशहरे के शुभ अवसर पर सिनेमाघरों में लाने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने लिखा कि “हमारे सपनों की रफ्तार अब पूरी तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही दर्शक इसे बड़े पर्दे पर देख पाएंगे।” फिल्म ‘रफ्तार’ में राजकुमार राव के साथ कीर्ति सुरेश, अनुराग ठाकुर, रोहन वर्मा, तान्या मानिकतला और रजत कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण पत्रलेखा ने अपने बैनर काम्पा फिल्म के तहत किया है। सुदामा/ईएमएस 27 मई 2026