मनोरंजन
27-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए सूर्या की बहुप्रतीक्षित फिल्म करुप्पु ने रिलीज के बाद नया रिकॉर्ड बना दिया है। इस फिल्म ने महज आठ दिनों में दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। लगातार फ्लॉप फिल्मों का सामना कर रहे सूर्या के लिए यह फिल्म एक बड़े कमबैक के तौर पर देखी जा रही है। आरजे बालाजी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। दूसरे हफ्ते में पहुंचने के बावजूद फिल्म की कमाई की रफ्तार बरकरार है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के आठवें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को भारत में 7.80 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इससे पहले सातवें दिन फिल्म ने 8.10 करोड़ रुपये कमाए थे। यानी कमाई में बेहद मामूली गिरावट दर्ज की गई, जो फिल्म की मजबूत पकड़ को दर्शाती है। आठवें दिन देशभर में फिल्म के 4521 शो चलाए गए। खास बात यह रही कि थिएटर्स में दर्शकों की संख्या भी बढ़ी। शुक्रवार को फिल्म की कुल ऑक्यूपेंसी 31.4 प्रतिशत रही, जो पिछले दिन के मुकाबले ज्यादा थी। इस शानदार प्रदर्शन के साथ फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 121.65 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि घरेलू ग्रॉस कलेक्शन 140.86 करोड़ रुपये हो चुका है। विदेशी बाजारों में भी फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। आठवें दिन फिल्म ने ओवरसीज मार्केट से 3.50 करोड़ रुपये की कमाई की, जिसके बाद इसका कुल विदेशी ग्रॉस कलेक्शन 60 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। भारत और विदेश की संयुक्त कमाई के बाद फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन अब 200.86 करोड़ रुपये हो गया है। फिल्म की सफलता में तमिल वर्जन का सबसे बड़ा योगदान रहा है। आठवें दिन तमिल भाषा में फिल्म ने 6.80 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। तमिल थिएटर्स में कुल ऑक्यूपेंसी 36 प्रतिशत रही, जबकि नाइट शोज में दर्शकों की मौजूदगी सबसे ज्यादा देखने को मिली। वहीं तेलुगु वर्जन ने एक करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। तमिलनाडु फिल्म के लिए सबसे बड़ा बाजार साबित हुआ, जहां से आठवें दिन 6.75 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इसके अलावा आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से 1.10 करोड़ रुपये तथा कर्नाटक से 75 लाख रुपये का बिजनेस दर्ज किया गया। फिल्म की कहानी सरवनन नाम के एक वकील के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार सूर्या ने निभाया है। कहानी में वह न्याय के देवता करुप्पुसामी का मानवीय अवतार बनकर भ्रष्ट व्यवस्था से लड़ता नजर आता है। फिल्म में तृषा कृष्णन भी अहम भूमिका में हैं। सुदामा/ईएमएस 27 मई 2026