मनोरंजन
27-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड की अपकमिंग फिल्म कॉकटेल 2 का नया गाना माशूका रिलीज होते ही लोकप्रिय हो गया है। यह गाना सोशल मीडिया और म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से ट्रेंड कर रहा है। गाने की सबसे बड़ी खासियत बॉलीवुड और इटालियन संगीत का बेहद खूबसूरत मेल है। रोमांस, मस्ती और शानदार म्यूजिक से भरपूर यह गाना लोगों को खूब पसंद आ रहा है। ‘माशूका’ के जरिए पहली बार मशहूर संगीतकार प्रीतम ने इटालियन कलाकार महमूद के साथ काम किया है। इस अंतरराष्ट्रीय सहयोग ने गाने को नई ऊंचाई दी है। गाने में भारतीय संगीत की धुनों के साथ इटालियन म्यूजिक का स्पर्श इसे बेहद खास बनाता है। इसकी मधुर धुनें और खूबसूरत लोकेशन्स दर्शकों को किसी रोमांटिक यूरोपीय सफर का एहसास कराती हैं। गाने में अपनी आवाज राघव चैतन्य ने दी है, जबकि महमूद ने इटालियन हिस्सों को न सिर्फ गाया, बल्कि उसके लेखन और संगीत निर्माण में भी अहम भूमिका निभाई है। इस फ्यूजन ने गाने को ग्लोबल अपील दी है और यही वजह है कि यह अलग-अलग देशों के दर्शकों के बीच भी लोकप्रिय हो रहा है। प्रीतम ने इस सहयोग को खास बताते हुए कहा कि सही कलाकार किसी भी गाने के एहसास को पूरी तरह बदल सकता है। उनके मुताबिक, गाने की शूटिंग इटली के सिसिली इलाके में हुई है और ऐसे में किसी इटालियन कलाकार का जुड़ना बेहद जरूरी था, ताकि वहां की संस्कृति और माहौल को संगीत में उतारा जा सके। उन्होंने कहा कि महमूद की आवाज और गाने का अंदाज इस ट्रैक को नई पहचान देता है। वहीं महमूद ने भी बॉलीवुड के साथ अपने पहले अनुभव को बेहद यादगार बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा से बॉलीवुड फिल्मों और यहां के संगीत से लगाव रहा है। उनके अनुसार बॉलीवुड में संगीत, भावनाएं और कहानी मिलकर एक अलग ही जादुई दुनिया तैयार करते हैं। उन्होंने प्रीतम के साथ काम करने को सपने जैसा अनुभव बताया। गाने के वीडियो में शाहिद कपूर और कृति सेनन की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। दोनों बेहद स्टाइलिश और रोमांटिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। वहीं रश्मिका मंदाना भी फिल्म में अहम भूमिका निभाती दिखाई देंगी। इटली के खूबसूरत लोकेशन्स और भव्य सेट्स ने वीडियो को और ज्यादा आकर्षक बना दिया है। सुदामा/ईएमएस 27 मई 2026