वॉशिंगटन(ईएमएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तीन घंटे से ज्यादा समय तक चले मेडिकल चेक-अप के बाद दावा किया है कि उनकी सेहत बिल्कुल परफेक्ट है। ट्रंप ने जांच पूरी होने के बाद कहा कि सब कुछ पूरी तरह ठीक निकला है। यह मेडिकल चेक-अप वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में कराया गया एक नियमित वार्षिक हेल्थ चेक-अप था। ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के बाद यह उनका चौथा सार्वजनिक मेडिकल एग्जाम माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि इसकी विस्तृत रिपोर्ट एक-दो दिन में जारी की जा सकती है, हालांकि फिलहाल इसे सार्वजनिक नहीं किया गया है। भले ही ट्रंप खुद को पूरी तरह तंदुरुस्त बता रहे हों, लेकिन उनकी सेहत और फिटनेस को लेकर अमेरिका में लगातार सवाल उठ रहे हैं। अगले महीने 80 साल के होने जा रहे ट्रंप अमेरिकी इतिहास में राष्ट्रपति पद पर रहने वाले सबसे उम्रदराज नेताओं में शामिल हैं। पिछले साल उनके क्रॉनिक वेनस इंसफिशिएंसी नामक बीमारी से पीड़ित होने की जानकारी सामने आई थी। यह एक ऐसी चिकित्सीय स्थिति है जिसमें नसों में खून जमा होने लगता है और पैरों में सूजन आ जाती है। हाल के महीनों में ट्रंप के सूजे हुए टखनों और पैरों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं, जिससे इन चिंताओं को और बल मिला। इसके अलावा उनके हाथों पर दिखे नीले निशानों और सूजन को लेकर भी कई तरह की अटकलें लगाई गईं। हालांकि, इस पर सफाई देते हुए कहा गया था कि लगातार लोगों से हाथ मिलाने और एस्पिरिन (दवा) लेने की वजह से त्वचा पर ऐसे निशान दिखाई दिए हैं। ट्रंप पर हाल के कुछ कार्यक्रमों और बैठकों में झपकी लेने के आरोप भी लगे थे, लेकिन उन्होंने इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा आज भी कई युवा नेताओं से ज्यादा है। इसी बीच सामने आए एक हालिया सर्वे ने ट्रंप की सेहत पर नई बहस छेड़ दी है। इस सर्वे के मुताबिक, अमेरिका के आधे से भी कम लोग यह मानते हैं कि ट्रंप मानसिक और शारीरिक रूप से राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारियां संभालने के लिए पूरी तरह फिट हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि राष्ट्रपति की सेहत को लेकर पूरी पारदर्शिता बरती जानी चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार, इसका सबसे अच्छा तरीका यही है कि पूरी मेडिकल रिपोर्ट बिना किसी कटौती के सार्वजनिक की जाए, ताकि दूसरे स्वतंत्र विशेषज्ञ भी उसकी सही ढंग से समीक्षा कर सकें। वीरेंद्र/ईएमएस/27मई 2026