राष्ट्रीय
27-May-2026


कोटा,(ईएमएस)। राजस्थान के कोटा में 10 साल के एक मासूम बच्चे मयंक मीणा की उसके ही नाबालिग दोस्त ने 100-200 रुपये के मामूली लेन-देन के विवाद में पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को जंगल में छोड़ दिया, जहां जंगली जानवरों ने शव को नोंचकर क्षत-विक्षत किया। स्थिति इतनी भयानक थी कि बच्चे का सिर धड़ से अलग हो गया था। इस हृदय विदारक घटना ने पूरे कोटा शहर को झकझोर दिया है। यह दिल दहला देने वाला मामला पूनम कॉलोनी का है। मृतक मयंक मीणा (10) सोगरिया का निवासी था और छठी कक्षा में पढ़ता था। उसके पिता अमर मीणा रेलवे वर्कशॉप में फिटर के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, हत्या के आरोपी नाबालिग का पिता ऑटो रिक्शा चालक है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बच्चे अच्छे दोस्त थे और अक्सर साथ रहते थे। पुलिस के अनुसार, मयंक सोमवार दोपहर अपने घर से खेलने जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। चिंतित परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर रात को थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराव दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। फुटेज में मयंक अपने 16 वर्षीय दोस्त के साथ जाता हुआ दिखाई दिया। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्ध नाबालिग तक पहुंची और उस नाबालिग से पूछताछ शुरू की। तभी मंगलवार रात रेलवे वर्कशॉप के सामने जंगल क्षेत्र में एक बच्चे का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब पाया कि यह शव गुमशुदा मयंक का था। प्रारंभिक स्थिति में उसकी गर्दन धड़ से अलग मिली। पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद शव को जंगल में फेंका गया था, जहां जंगली जानवरों ने शव को नोंच डाला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मयंक के बीच कथित तौर पर 100-200 रुपए के लेन-देन को लेकर विवाद था। इसी विवाद में आरोपी ने कथित रूप से मयंक के सिर पर पत्थर से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि इस जघन्य वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नाबालिग सीधे अपने घर पहुंचा और सामान्य तरीके से सो गया। जब पुलिस उसके घर पूछताछ के लिए पहुंची, तब उसके परिजनों को भयानक घटना की जानकारी हुई। आशीष दुबे / 27 मई 2026