कोलकाता(ईएमएस)। तृणमूल कांग्रेस की सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने बुधवार को पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया हैं। काकोली घोष दस्तीदार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद ममता बनर्जी की पार्टी ने लोकसभा सचेतक के पद से हटा दिया था। माना जा रहा है कि पार्टी के इस फैसले के बाद से ही वह नाराज चल रही थीं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे तृणमूल कांग्रेस नहीं छोड़ रही हैं। वह बंगाल और वहां के लोगों के हित में एक आम कार्यकर्ता के तौर पर पार्टी से जुड़ी रहेंगी। काकोली घोष दस्तीदार ने अपने पद से मुक्ति के लिए प्रदेश अध्यक्ष सुब्रता बख्शी को लिखे पत्र में उन्होंने अपने इस निर्णय के पीछे कई गंभीर और नैतिक कारणों का उल्लेख किया है। इस्तीफे के मुख्य कारणों में उन्होंने एक पुरुष सांसद द्वारा महिला सांसद के प्रति किए गए अभद्र व्यवहार और उस पर वरिष्ठ नेतृत्व की उदासीनता को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने कहा कि ऐसे पद पर बने रहना व्यर्थ है जहां महिलाओं के सम्मान की रक्षा न हो सके। इसके अतिरिक्त, उन्होंने राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार (राशन और शिक्षक भर्ती घोटाला) और आरजी कर मेडिकल कॉलेज की दुखद घटना व उसे दबाने के प्रयासों पर अपनी गहरी चिंता और आत्मग्लानि व्यक्त की है। विनोद उपाध्याय / 27 मई, 2026