झांसी (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के झांसी में शादी समारोह उस वक्त विवादों का अखाड़ा बन गया, जब जयमाला के तुरंत बाद दूल्हा पक्ष ने कथित तौर पर 5 लाख से अधिक की अतिरिक्त मांग कर दी। यह घटना मधुबन गार्डन में हुई, जहां मांग पूरी न होने पर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, कुर्सियां चलीं और शादी का माहौल रणभूमि में बदल गया। इस बवाल के बाद दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से साफ इंकार किया, जिससे बारात बिना दुल्हन के लौट गई। जानकारी के अनुसार, बारात झांसी के प्रेमनगर स्थित मधुबन गार्डन पहुंची थी, जहां शुरुआत में सभी रस्में सामान्य रूप से चल रही थीं। मेहमानों का स्वागत हुआ और जयमाला कार्यक्रम भी संपन्न हुआ। लेकिन, दुल्हन पक्ष का आरोप है कि जयमाला के तुरंत बाद, दूल्हा पक्ष ने अतिरिक्त पैसों की मांग शुरू की। दुल्हन के जीजा जितेंद्र अहिरवार के मुताबिक, बारात पहुंचने के बाद कुछ लोग गार्डन की छत पर जुआ खेल रहे थे, जिन्हें रोकने पर विवाद की शुरुआत हुई। इसके बाद दूल्हा पक्ष आक्रामक हुआ और जयमाला के बाद सीधे 5 से 7 लाख रुपये की मांग की। जब लड़की पक्ष ने यह मांग पूरी करने में असमर्थता जता दी, तब और माहौल बिगड़ गया। मांग पूरी न होने पर कहासुनी से बात हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि दूल्हा पक्ष के लोगों ने दुल्हन के पिता, भाइयों और अन्य रिश्तेदारों के साथ बेरहमी से मारपीट की। गार्डन में कुर्सियां तक चलने लगीं और शादी समारोह में भगदड़ मच गई। कई लोगों को स्टेज के पीछे ले जाकर पीटा गया, जबकि महिलाएं हाथ जोड़कर विवाद शांत कराने की कोशिश करती रहीं। इस पूरी घटना का दिल दहला देने वाला वीडियो गार्डन में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बवाल के बाद शादी की शेष रस्में, जैसे सात फेरे और विदाई, अधूरी रह गईं। आरोप है कि दूल्हा पक्ष अपना सामान लेकर बिना दुल्हन को साथ लिए ही चला गया। घटना से सहमी हुई दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से साफ इंकार किया। उसका कहना था कि जो परिवार शादी के दिन उसके पिता और भाइयों के साथ ऐसी मारपीट कर सकता है, वहां वह खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर सकती। दुल्हन भावना ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि शादी में कार, चार लाख रुपये नकद, कपड़े और अन्य सामान पहले ही दिया जा चुका था, फिर भी दूल्हा पक्ष अतिरिक्त दबाव बना रहा था। उसने अपने परिवार के सदस्यों के साथ हुई मारपीट का विस्तृत ब्यौरा देकर कार्रवाई और हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई की मांग की है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब वे शिकायत दर्ज कराने प्रेमनगर थाने जा रहे थे, तब रास्ते में 50 से 100 लोगों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। हालांकि, वे गलियों के रास्ते किसी तरह थाने तक पहुंचने में सफल रहे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखकर दुल्हन की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आशीष दुबे / 27 मई 2026