राजनांदगांव में मेडिकल स्टाफ के बीच खेल भावना का शानदार संगम, 14 जून को होगा फाइनल मुकाबला* राजनांदगांव (इ्रएमएस)। खेल और स्वास्थ्य सेवा से जुड़े लोगों के बीच आपसी भाईचारे, टीम भावना और मनोरंजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित नवजीवन हॉस्पिटल क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-1 इन दिनों जिले में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मोहारा बायपास स्थित मैदान में आयोजित इस विशेष क्रिकेट प्रतियोगिता में केवल अस्पताल, मेडिकल एवं फार्मा क्षेत्र से जुड़े खिलाड़ी ही हिस्सा ले रहे हैं। यह टूर्नामेंट 17 मई 2026 से प्रारंभ हुआ है और सभी मुकाबले केवल रविवार को खेले जा रहे हैं। प्रतियोगिता का भव्य फाइनल एवं पुरस्कार वितरण समारोह 14 जून को आयोजित किया जाएगा। इस अनूठे टूर्नामेंट में राजनांदगांव जिले के शासकीय एवं निजी अस्पतालों की कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का आयोजन नवजीवन हॉस्पिटल राजनांदगांव द्वारा किया जा रहा है। टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। टूर्नामेंट का दूसरा दिन 24 मई रविवार को बेहद रोमांचक मुकाबलों से भरा रहा। दिन की शुरुआत संजीवनी हॉस्पिटल और जीएमसी-11 के बीच मुकाबले से हुई जिसमें संजीवनी हॉस्पिटल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट से जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में नवजीवन हॉस्पिटल और पीआरओ-11 आमने-सामने थे। नवजीवन हॉस्पिटल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मात्र 1 विकेट खोकर 116 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में पीआरओ-11 की टीम 7 ओवर में केवल 23 रन पर ऑलआउट हो गई। नवजीवन हॉस्पिटल ने यह मुकाबला 93 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। तीसरा मैच श्रीराम हॉस्पिटल और सुंदरा डेंटल कॉलेज के बीच खेला गया जिसने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। 108 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सुंदरा डेंटल कॉलेज ने 7.3 ओवर में 4 विकेट खोकर शानदार जीत दर्ज की। शाम के मुकाबलों में आर्थोकेयर और जीएमसी-11 के बीच खेले गए मैच में जीएमसी-11 ने 8 विकेट से जीत हासिल की। वहीं दिन का अंतिम मुकाबला नवजीवन नेत्रालय और मोहये हॉस्पिटल के बीच खेला गया, जिसमें नवजीवन नेत्रालय ने 69 रनों से जीत अपने नाम की। टूर्नामेंट में विजेता टीम को ₹51,000, उपविजेता को ₹25,000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को ₹11,000 का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और प्रत्येक मैच के “मैन ऑफ द मैच” को भी सम्मानित किया जा रहा है।प्रतियोगिता में लगातार 6 छक्के लगाने पर ₹501, लगातार 6 चौके लगाने पर ₹501, लगातार 6 विकेट लेने पर ₹501 तथा लगातार 3 विकेट लेने पर ₹201 का विशेष पुरस्कार रखा गया है जिससे खिलाड़ियों में अतिरिक्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन समिति के अनुसार टूर्नामेंट में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का हॉस्पिटल स्टाफ होना अनिवार्य है। किसी भी प्रकार के नियम उल्लंघन पर संबंधित टीम को प्रतियोगिता से बाहर किया जा सकता है। सभी मुकाबले टेनिस बॉल से खेले जा रहे हैं। लीग मैच 6-6 ओवर, सेमीफाइनल 8 ओवर तथा फाइनल मुकाबला 10 ओवर का होगा। यह टूर्नामेंट ऑनलाइन क्रिकेट प्लेटफॉर्म पर नवजीवन हॉस्पिटल टूर्नामेंट नाम से भी देखा जा सकता है जहां मैचों के स्कोर और अपडेट उपलब्ध हैं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रदीप साहू, अमोद जायसवाल, अभिनाश भार्गव एवं संतोष मुले की विशेष भूमिका रही। आयोजन समिति ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोगों को तनावपूर्ण दिनचर्या से अलग स्वस्थ मनोरंजन और आपसी समन्वय का अवसर प्रदान करना है। खेलो दिल से जीतो शान से की थीम पर आयोजित यह टूर्नामेंट अब जिले में मेडिकल समुदाय के सबसे चर्चित खेल आयोजनों में शामिल हो चुका है। ईएमएस/मोहने/ 27 मई 2026