:: विश्व धरोहर में ‘योग महोत्सव’ का आयोजन, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो संदेश से किया संबोधित :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारतीय योग परंपरा को सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़कर स्वस्थ, जागरूक एवं आध्यात्मिक रूप से समृद्ध समाज के निर्माण की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। योग और खजुराहो, दोनों ही सदियों से भारतीय संस्कृति के अभिन्न स्तंभ रहे हैं। राज्य सरकार योग के राष्ट्रव्यापी प्रचार के लिए सभी जरूरी कदम उठा रही है। इसे प्रदेश के घर-घर तक पहुंचाने के लिए आयुष विभाग द्वारा इन दिनों घर-घर योग-हर व्यक्ति निरोग अभियान भी चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के 25 दिवसीय काउंटडाउन के अवसर पर यूनेस्को द्वारा घोषित विश्व धरोहर स्थल खजुराहो में आयोजित “योग महोत्सव 2026” कार्यक्रम को वीडियो संदेश के जरिए संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि योग आज सिर्फ एक व्यायाम नहीं, बल्कि वन अर्थ-वन हेल्थ की भावना को साकार करने वाला जीवन दर्शन बन चुका है। मध्य प्रदेश सरकार योग और आयुष चिकित्सा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। आयुष विभाग के माध्यम से आरोग्य मंदिरों, योग वेलनेस सेंटर्स और विभिन्न जनजागरुकता गतिविधियों के जरिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए सफल अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले काउंटडाउन इवेंट से देशभर में लाखों लोग जुड़ रहे हैं और आज की युवा पीढ़ी भी योग को सहर्ष स्वीकार कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सबके सहयोग से हम योग को हर नागरिक के जीवन का हिस्सा बनाने की ओर बढ़ रहे हैं। केन्द्रीय आयुष मंत्रालय का यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ है। यह कार्यक्रम योग के माध्यम से समग्र स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने के प्रति केन्द्र और राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र व राज्य सरकार के आयुष मंत्रालय और छतरपुर जिला प्रशासन को इस विशेष आयोजन को सफल बनाने के लिए बधाई दी। कार्यक्रम को केंद्रीय आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव, आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार, संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी और सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भी संबोधित किया। प्रकाश/27 मई 2026