-शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा हाथरस (ईएमएस)। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व के अवसर पर जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिस बल के साथ सदर कोतवाली से माधुगढ़ी मस्जिद तक पैदल फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।फ्लैग मार्च के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से संवाद स्थापित करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने का आवाहन किया। अधिकारियों ने लोगों से शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा सामाजिक समरसता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि जनपद प्रशासन द्वारा बकरीद पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 27 मई 2026