28-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भीषण गर्मी और गर्म हवा के थपेड़ों से बेहाल राजधानी वासियों को बृहस्पतिवार की शाम से राहत मिलने के आसार हैं। दिन भर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। हालांकि दिन में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलेंगी लेकिन शाम या रात के समय गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने एवं 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाओं के साथ हल्की वर्षा होने का पूर्वानुमान है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 43 और 28 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिन ऐसा ही मौसम रहेगा। बृहस्पतिवार के लिए यलो जबकि शुक्रवार के लिए आरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। शुक्रवार से तापमान में खासी गिरावट देखी जा सकेगी। अधिकतम तापमान 35 डिग्री जबकि न्यूनतम 23 डिग्री तक आ जाएगा। जून माह की शुरुआत में भी गर्मी से राहत मिलती रहेगी। मौसम विज्ञानियों का कहना है, पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण इस क्षेत्र में लू की स्थिति में राहत मिलने की संभावना है। पूर्व-पश्चिम दिशा में एक निम्न दबाव का क्षेत्र भी बनने के आसार है। वहीं दूसरी ओर बुधवार को भी तेज धूप और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवा के थपेड़ों से लोगों की हालत खराब रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक 44.3 डिग्री दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री कम 26.2 डिग्री रहा।हवा में नमी का स्तर 56 से 14 प्रतिशत रिकार्ड किया गया। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री के लिहाज से रिज क्षेत्र दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा। लोधी रोड पर लू वाली स्थिति भी बनी रही। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/28/ मई/2026