28-May-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई महानगरपालिका की स्थायी समिति के अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे ने शहरभर की विरासत संरचनाओं और मूर्तियों के रखरखाव की निगरानी के लिए प्रतिष्ठित संरक्षण विशेषज्ञों से थर्ड पार्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। दरअसल कल स्थायी समिति के समक्ष फोर्ट क्षेत्र के हेरिटेज प्रीसिंक्ट में स्थित छह ऐतिहासिक जल फव्वारों और 16 मूर्तियों के संरक्षण एवं रखरखाव के लिए 2.37 करोड़ रुपये की लागत से ठेकेदार नियुक्त करने का प्रस्ताव पेश किया गया। बैठक के दौरान शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सदस्य यशोधर फंसे ने सवाल उठाया कि दिवंगत शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की प्रतिमा को प्रस्तावित सूची में क्यों शामिल नहीं किया गया। इस पर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उस प्रतिमा का रखरखाव वार्ड स्तर पर किया जा रहा है। अन्य सदस्यों ने भी कई मूर्तियों की खराब स्थिति पर चिंता जताई। शिवसेना सदस्य यामिनी जाधव ने कहा कि प्रस्ताव में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि संरक्षण कार्य किस प्रकार किया जाएगा और संबंधित ठेकेदार को विरासत संरक्षण का कितना अनुभव है। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। स्वेता/संतोष झा- २८ मई/२०२६/ईएमएस