28-May-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) एसोसिएशन ऑफ पार्सल ट्रांसपोर्ट एवं फ्लीट ऑनर्स, इंदौर ने 1 जून से सभी प्रकार के परिवहन भाड़े में 20 प्रतिशत वृद्धि करने की घोषणा की है। यह निर्णय एसोसिएशन की आम बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। एसो. के अध्यक्ष राकेश तिवारी के अनुसार पिछले कुछ समय से परिवहन उद्योग लगातार आर्थिक दबाव में काम कर रहा है। डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी, लेबर की कमी, टायर स्पेयर पार्ट्स, टोल टैक्स, बीमा और वाहन रखरखाव का खर्च तेजी से बढ़ा है। इसके अलावा पीक सीजन में अतिरिक्त लेबर लगाने के कारण संचालन लागत और अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पुरानी दरों पर ट्रांसपोर्ट सेवाएं जारी रखना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं रह गया था। इसी को देखते हुए 26 मई को लागू डीजल दरों के आधार पर भाड़ा संशोधन का निर्णय लिया है। एसो. के सचिव कपिल शर्मा के अनुसार नई दरें 1 जून से सभी कंपनियों, डिपो, सीएंडएफ एजेंट्स, डिस्ट्रीब्यूटर्स और व्यावसायिक संस्थानों पर लागू होंगी। उन्होंने सभी व्यापारिक संगठनों और ग्राहकों से अनुरोध किया है कि जून माह से बनने वाले सभी बिल और भुगतान संशोधित दरों के अनुसार बनाएं जाएं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि व्यापारिक सहयोगी परिवहन उद्योग की मौजूदा चुनौतियों को समझते हुए इस निर्णय में सहयोग करेंगे। आनंद पुरोहित/ 28 मई 2026