जबलपुर (ईएमएस)। ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉयड फेडरेशन के मीडिया प्रमुख उत्तम विश्वास से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कॉमरेड एस. एन. पाठक, राष्ट्रीय अध्यक्ष ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉइड फेडरेशन ने आज जीसीएफ फैक्ट्री के विद्यानगर गेट पर प्रातः 7:30 बजे कर्मचारियों को संबोधित करते हुए द्वार सभा आयोजित की। सभा के दौरान उन्होंने नेशनल जेसीएम काउंसिल में कैबिनेट सेक्रेटरी द्वारा दिए गए सर्विस कंडीशन एवं अनुकंपा नियुक्ति संबंधी आश्वासन की जानकारी कर्मचारियों को दी। कॉमरेड पाठक ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लंबित समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होने के कारण कर्मचारियों में भारी असंतोष व्याप्त है। विशेष रूप से एमसीएम से चार्जमैन पदोन्नति में हो रही अनावश्यक देरी को लेकर उन्होंने आज से आंदोलन का शंखनाद करने की घोषणा की। उन्होंने केंद्र सरकार एवं संबंधित प्रबंधन से मांग की कि रक्षा कर्मचारियों को रेलवे कर्मचारियों की तर्ज पर बेहतर वेतनमान, समयबद्ध पदोन्नति एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। द्वार सभा में मजदूर संघ हथौड़ा के अध्यक्ष विनय गुप्ता, महामंत्री रोहित यादव सहित राजा पांडे, अमित चंदेल, बीरबल, आशीष विश्वकर्मा, राहुल गुप्ता, रितेश, Rajesh भारती, देवेंद्र प्रताप एवं पार्थ ओझा सहित मजदूर संघ हथौड़ा के सभी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। सभा के दौरान कर्मचारियों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। सुनील साहू / मोनिका / 28 मई 2026/ 01.37