क्षेत्रीय
28-May-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले के चारामा ब्लॉक में रेत खदानों को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के बीच विवाद गहराता जा रहा है। इसी मुद्दे पर देर रात कोरर चौक में 10 से अधिक गांवों के ग्रामीण एकत्र हुए और कथित कार्रवाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। मामला कोरर चौक क्षेत्र से जुड़ा है, जहां ग्रामीणों ने सांसद और विधायक द्वारा रेत खदानों को लेकर की जा रही कार्रवाई का विरोध किया। ग्रामीणों का कहना है कि रेत खदानों से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल रहा है और इनसे होने वाली आय का उपयोग गांवों में विकास कार्यों जैसे तालाब निर्माण, मंदिर, देवगुड़ी, बोरवेल और अन्य सुविधाओं में किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ जनप्रतिनिधि निजी स्वार्थ के चलते इन खदानों को बंद करवाना चाहते हैं। वहीं इस मामले में विधायक सावित्री मंडावी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका विरोध रेत खदानों से नहीं, बल्कि अवैध चैन माउंटेन के उपयोग और भारी हाइवा वाहनों के अत्यधिक परिवहन से है। उन्होंने बताया कि इन कारणों से लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, पुलों को नुकसान पहुंच रहा है और ग्रामीणों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। विधायक ने यह भी कहा कि स्थानीय युवाओं को ट्रैक्टर के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने पर विचार किया जा रहा है। इस पूरे विवाद ने इलाके में राजनीतिक और सामाजिक तनाव बढ़ा दिया है, और ग्रामीणों तथा जनप्रतिनिधियों के बीच मतभेद स्पष्ट रूप से सामने आ गए हैं। ईएमएस(राकेश गुप्ता)28 मई 2026