कुएं में मिला वृद्ध महिला का शव हत्या कर चोरी की आशंका, घर का सामान बिखरा मिला जबलपुर (ईएमएस)। रांझी थाना क्षेत्र स्थित अन्ना बाबा मोहल्ला में 75 वर्षीय पुष्पा शर्मा का शव घर के पास बने कुएं में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी उस समय लगी जब रोजाना खाना बनाने के लिए आने वाली महिला काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर पड़ोसियों को सूचना दी। तलाश के दौरान कुएं में वृद्धा का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में घर के भीतर अलमारी खुली मिली तथा सामान अस्त-व्यस्त हालत में पड़ा था। पुलिस को घर में संघर्ष के निशान भी मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि बदमाश चोरी की नीयत से घर में घुसे थे और विरोध करने पर वृद्ध महिला की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया। बेटे बाहर गए थे, घर में अकेली थीं वृद्धा पुलिस के अनुसार मृतका के दोनों बेटे खेती संबंधी कार्य से होशंगाबाद गए हुए थे और महिला घर में अकेली थीं। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोह्लानी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। सुनील साहू / शहबाज / 28 मई 2026/ 02.35