राज्य
28-May-2026


कल्याण, (ईएमएस)। मध्य रेलवे के कल्याण-कसारा रेलखंड के कसारा रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब महानगरी एक्सप्रेस की जनरेटर वैन से अचानक धुआं निकलने लगा। घटना के बाद यात्रियों में डर और घबराहट फैल गई। हालांकि रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया और करीब 15 मिनट में समस्या दूर कर ट्रेन को मुंबई की ओर रवाना कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, इगतपुरी से मुंबई की दिशा में जा रही महानगरी एक्सप्रेस कसारा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर पहुंची थी। इसी दौरान ट्रेन की जनरेटर वैन से धुआं निकलता दिखाई दिया। धुआं देखते ही स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण ब्रेक लाइनर ज्यादा गर्म होकर जाम हो गया था, जिसकी वजह से धुआं निकलने लगा। ट्रेन के गार्ड ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए रेलवे विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तकनीकी खराबी को दूर करने का काम शुरू किया। रेलवे कर्मचारियों ने ब्रेक लाइनर को ठीक कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद ट्रेन को फिर से मुंबई के लिए रवाना कर दिया गया। इस दौरान किसी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा। इस घटना पर कसारा रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर रोहित उबाले ने कहा कि अधिक गर्मी के कारण ब्रेक लाइनर गर्म हो गया था, जिससे धुआं निकलने लगा। उन्होंने बताया कि तकनीकी टीम ने तुरंत समस्या को ठीक कर दिया और ट्रेन को सुरक्षित रवाना कर दिया गया। वहीं, कल्याण-कसारा-कर्जत रेल प्रवासी संघटना के अध्यक्ष राजेश घनगाव ने इस घटना पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि मध्य रेलवे मार्ग पर लगातार तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं। कभी ओवरहेड वायर में खराबी, कभी सिग्नल फेल, तो कभी इंजन खराब होने जैसी घटनाओं से यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। राजेश घनगाव ने कहा कि कल्याण-कसारा मार्ग पर मालगाड़ियों के इंजन फेल होना, रेलवे ट्रैक में दरार आना, ओवरहेड वायर टूटना और सिग्नल सिस्टम में खराबी जैसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रवासी संघटना की ओर से रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को कई बार इन समस्याओं की जानकारी दी गई, लेकिन समय पर ध्यान नहीं दिया गया। इसी लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं। उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांग की कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग की समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। संतोष झा- २८ मई/२०२६/ईएमएस