अहमदाबाद (ईएमएस)| पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मण्डल में 28 मई 2026 को मण्डल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति (डीआरयूसीसी) की पाँचवी बैठक मण्डल रेल प्रबंधक कार्यालय, अहमदाबाद में आयोजित की गई। बैठक के प्रारम्भ में मण्डल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने सभी सदस्यों का स्वागत एवं अभिवादन करते हुए उनके-अपने क्षेत्रों से संबंधित सुझाव आमंत्रित किए। अपने सम्बोधन में मण्डल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि नलिया–वायोर के मध्य मालगाड़ी परिवहन सितंबर 2026 तक प्रारंभ करने की योजना है। उन्होंने जानकारी दी कि भारतीय रेल का सबसे बड़ा 98 लाइनों वाला कोचिंग हब वटवा में विकसित किया जाएगा तथा वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो का कार्य भी तीव्र गति से प्रगति पर है। इसके साथ ही सरखेज–धोलेरा सेमी हाई स्पीड रेलवे परियोजना के बारे में भी विस्तृत जानकारी साझा की गई। समिति के सचिव एवं वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक श्री अन्नू त्यागी ने उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए अहमदाबाद मंडल में चल रही विभिन्न गतिविधियों एवं विकासात्मक परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मंडल की प्रमुख उपलब्धियों एवं विकास कार्यों पर प्रकाश डाला। त्यागी ने बताया कि अहमदाबाद, साबरमती एवं भुज स्टेशनों का मेजर रीडेवलपमेंट कार्य प्रगति पर है, जिनमें साबरमती एवं भुज स्टेशनों का कार्य उन्नत चरण में पहुँच चुका है। इसके अतिरिक्त मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों का पुनर्विकास “अमृत भारत स्टेशन योजना” के अंतर्गत किया जा रहा है। अहमदाबाद मंडल की महत्वपूर्ण उपलब्धियां एवं विकास कार्य अहमदाबाद मंडल पश्चिम रेलवे का शीर्ष प्रदर्शन करने वाला मंडल है। मंडल द्वारा 412 जोड़ी मेल/एक्सप्रेस एवं यात्री गाड़ियों का संचालन किया जा रहा है, जिनमें 118 मूल गाड़ियां शामिल हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रतिदिन लगभग 1.1 लाख यात्रियों ने अहमदाबाद मंडल से यात्रा प्रारंभ की। मंडल ने पश्चिम रेलवे की कुल यात्री आय में 21% तथा माल लदान में 49% योगदान दिया। भारतीय रेलवे में अहमदाबाद मंडल माल लदान में 8वें तथा माल आय में 7वें स्थान पर रहा। मंडल द्वारा मुंद्रा पोर्ट, दीनदयाल पोर्ट (कांडला) एवं टूना पोर्ट जैसे महत्वपूर्ण बंदरगाहों को रेल कनेक्टिविटी प्रदान की जा रही है। मंडल में 143 यात्री स्टेशन, 33 रेलवे फ्रेट टर्मिनल एवं 7 गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल कार्यरत हैं। स्टेशन पुनर्विकास एवं अमृत भारत स्टेशन योजना अहमदाबाद स्टेशन का रु. 2379 करोड़ की लागत से विश्वस्तरीय पुनर्विकास कार्य तेजी से प्रगति पर है। साबरमती बीजी एवं साबरमती जंक्शन स्टेशन पुनर्विकास कार्य लगभग 73% तक पूर्ण हो चुका है। न्यू भुज स्टेशन पुनर्विकास कार्य 76% तक पूर्ण हो चुका है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मंडल के 16 स्टेशनों का विकास ₹515.03 करोड़ की लागत से किया जा रहा है। सामाखियाली स्टेशन के कार्य पूर्ण हो चुके हैं जबकि कालोल, हिम्मतनगर, भचाऊ आदि स्टेशनों पर तेजी से कार्य जारी है। नई ट्रेन सेवाएं एवं विशेष गाड़ियां ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की सुविधा हेतु कई विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया। भुज–दिल्ली एक्सप्रेस का नई ट्रेन सेवा का संचालन 22 मई 2026 को प्रारंभ हुआ है। उदयपुर सिटी–असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ 16 फरवरी 2026 को किया गया। गौरवपूर्ण उपलब्धियां एवं माल व्यवसाय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में खेड़ब्रह्मा–हिम्मतनगर सेक्शन राष्ट्र को समर्पित किया गया। मंडल ने स्टेनलेस स्टील कंटेनरों द्वारा औद्योगिक नमक लदान की अभिनव शुरुआत की। बेचराजी से एसीटी-1 ऑटोमोबाइल रेक लोड कर 264 वाहनों का परिवहन किया गया। उंझा से मिर्जा (असम) तक मसालों की पहली पार्सल रेक चलाई गई। लिन्च से जम्मू-कश्मीर तक दुग्ध उत्पादों की पहली कार्गो रेक भेजी गई। बैठक के दौरान समिति के सदस्यों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित रेल समस्याओं, ट्रेनों के ठहराव, ट्रेनों का विस्तार, ट्रेनों का स्टोपेज प्रदान करने, नई ट्रेन सेवा शुरू करने एवं अंडर ब्रिज और रोड ओवर ब्रिज बनाने तथा नई परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन तथा स्टेशनों पर बेहतर यात्री सुविधाएँ उपलब्ध कराने स्टेशन पर ठंडे पानी की समुचित व्यवस्था, साफ-सफाई जैसे महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर समिति के सदस्य एवं अपर मण्डल रेल प्रबंधक मंजू मीणा और मण्डल के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे तथा बैठक में सक्रिय रूप से भाग लिया। सतीश/28 मई