- प्रतिभागियों ने सीखी पारंपरिक कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति भोपाल(ईएमएस)। एम्स भोपाल निरंतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ समग्र स्वास्थ्य और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रहा है। इसी क्रम में एम्स भोपाल के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर द्वारा लिप्पन आर्ट कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में संस्थान के संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला का संचालन प्रसिद्ध मॉडलर कलाकार अभिलाष देवांगन द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को पारंपरिक लिप्पन कला से परिचित कराया तथा मिरर डेकोरेशन और क्ले डिजाइन की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में कुल 16 प्रतिभागियों ने भाग लिया और सभी ने व्यावहारिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को रचनात्मक और तनावमुक्त अनुभव प्राप्त हुआ। इस पहल ने प्रतिभागियों को कला के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति विकसित करने और मानसिक एकाग्रता बढ़ाने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने कार्यशाला को उपयोगी और प्रेरणादायक बताते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। एम्स भोपाल का हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर भविष्य में भी इस प्रकार के वेलनेस आधारित कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के बीच रचनात्मकता, मानसिक स्वास्थ्य और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा मिल सके। हरि प्रसाद पाल /28 मई, 2026