- मानवाधिकार विषयों पर करेंगे संवाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के सदस्य श्री प्रियंक कानूनगो 29 एवं 30 मई को मंडला जिले के दौरे पर रहेंगे। इस संबंध में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, नई दिल्ली द्वारा जिला प्रशासन को आधिकारिक कार्यक्रम जारी किया गया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार श्री कानूनगो 29 मई को दोपहर 3 बजे मंडला पहुंचेंगे। यहां वे स्थानीय नागरिकों से समकालीन मानवाधिकार मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही मंडला जिले में मानवाधिकार एवं समावेशी विकास से जुड़े विषयों पर योजनाओं के क्रियान्वयन और जमीनी स्थिति की व्यापक समीक्षा भी करेंगे। कार्यक्रम के तहत शाम 4 बजे से विभिन्न विभागों और संबंधित पक्षों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित होगी। इसके बाद शाम 5:30 बजे नागरिकों से संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है। रात्रि विश्राम मंडला में रहेगा। अगले दिन 30 मई को सुबह मंडला से निवास के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां खैरमाई मंदिर परिसर में स्थानीय नागरिकों के साथ मानवाधिकार विषयों पर संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद श्री कानूनगो अमरकंटक के लिए रवाना होंगे। ईएमएस/मोहने/ 28 मई 2026