क्षेत्रीय
28-May-2026


मधुबनी, (ईएमएस)। चिकित्सा संघ के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को मधुबनी नगर विधायक माधव आनंद से मुलाकात कर सदर अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाषा संघ के सचिव डॉ. कुणाल कौशल ने किया। मुलाकात के दौरान चिकित्सकों ने विधायक को बताया कि सदर अस्पताल में आए दिन मरीजों के परिजनों एवं असामाजिक तत्वों द्वारा चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इससे अस्पताल का माहौल प्रभावित होता है तथा स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। चिकित्सकों ने अस्पताल परिसर में स्थायी पुलिस चौकी की स्थापना को समय की आवश्यकता बताया। विधायक माधव आनंद ने चिकित्सकों की मांग को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि इस विषय पर मुख्यमंत्री एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से विचार-विमर्श कर सदर अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी बनवाने की दिशा में पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है तथा अस्पतालों में बेहतर माहौल बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठाया जाएगा। इस मौके पर भाषा संघ के सचिव डॉ. कुणाल कौशल, डॉ. सुमन कुमार, डॉ. डीके झा, डॉ. सीतांशु सौरव, डॉ. निरंजन जायसवाल सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित थे। कार्तिक कुमार/संतोष झा- २८ मई/२०२६/ईएमएस