रायपुर (ईएमएस)। टीम प्रहरी अभियान के अंतर्गत रायपुर नगर निगम स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निवेश विभाग द्वारा जोन क्रमांक 10 क्षेत्र में पचपेड़ी नाका स्थित केएफसी पर बड़ी कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान गंदगी पाए जाने, किचन का पाइप सीधे सार्वजनिक नाली में जोड़े जाने तथा कचरा एवं प्लास्टिक नाली में फेंके जाने पर निगम ने संबंधित प्रतिष्ठान पर 50 हजार रुपये का ई-चालान किया। साथ ही सफाई करवाकर भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी देते हुए सील खोलने की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला एवं जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश तथा नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर की गई। नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही के मार्गदर्शन में जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा, रवि लावनिया, संदीप वर्मा, आदिव्य हजारी, जोन 10 स्वच्छता निरीक्षक यशवंत बेरिहा सहित स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निवेश उड़नदस्ता टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। नगर निगम टीम द्वारा जनशिकायत के आधार पर किए गए औचक निरीक्षण में पाया गया कि केएफसी परिसर में गंदगी फैली हुई थी तथा किचन का पाइप सीधे सार्वजनिक नाली से जोड़ा गया था। इसके अलावा प्रतिष्ठान का कचरा एवं प्लास्टिक भी सार्वजनिक नाली में डाला जा रहा था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि निगम द्वारा पूर्व में जारी नोटिस का कोई जवाब संबंधित संचालक द्वारा नहीं दिया गया था तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के तहत आवश्यक व्यवस्थाएं भी नहीं की गई थीं। निगम अधिकारियों ने बताया कि एसटीपी व्यवस्था एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन नहीं पाए जाने पर केएफसी को पूर्व में तत्काल प्रभाव से सीलबंद कर दिया गया था। बाद में निगम मुख्यालय स्वास्थ्य विभाग द्वारा 50 हजार रुपये का ई-चालान करते हुए संचालक से उनके स्वयं के व्यय पर गंदगी की सफाई करवाई गई। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/28 मई 2026