फिरोजाबाद(ईएमएस) भारत मौसम विज्ञान विभाग लखनऊ ने फिरोजाबाद जिले के लिए भारी मौसम चेतावनी जारी की है। 28 मई की रात से 30 मई 2026 की सुबह 8:30 बजे तक जिले और आसपास के इलाकों में तेज आंधी, धूलभरी हवाएं, वज्रपात, मेघगर्जन, भारी बारिश और ओलावृष्टि की प्रबल संभावना जताई गई है। इस दौरान 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी फिरोजाबाद संतोष कुमार शर्मा ने जनपदवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक घर से बाहर न निकलने को कहा है। आंधी के दौरान कमजोर मकानों, कच्चे भवनों, पेड़, बिजली के खंभों, मोबाइल टावर और होर्डिंग से दूर रहने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने और मोटरसाइकिल चालकों को हेलमेट पहनने के निर्देश दिए गए हैं। घरों की खिड़कियां, दरवाजे और छत पर रखी ढीली वस्तुओं को सुरक्षित करने को भी कहा गया है। वज्रपात से बचाव के लिए गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत, छत और ऊंचे स्थानों पर न रहने की हिदायत दी गई है। पेड़ के नीचे शरण लेने, मोबाइल का ज्यादा उपयोग करने और धातु की वस्तुओं के पास जाने से मना किया गया है। खुले में फंसने पर दोनों पैर मिलाकर नीचे झुकने की सलाह दी गई है। किसानों से खेतों में काम तुरंत बंद कर सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा गया है। भारी बारिश को देखते हुए जलभराव वाले क्षेत्रों और नालों के पास न जाने की अपील की गई है। बच्चों को बारिश में बाहर न भेजें और बिजली के कटे तारों से दूरी बनाए रखें। प्रशासन ने घरों की जल निकासी पहले से दुरुस्त रखने और जरूरी खाद्य सामग्री, पीने का पानी व प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखने को कहा है। किसानों को कटाई की गई फसल को तिरपाल से ढककर सुरक्षित रखने, पशुओं को शेड में ले जाने और कृषि यंत्रों को बारिश से बचाने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम सामान्य होने तक सिंचाई और अन्य जोखिम वाले कृषि कार्य स्थगित रखने की सलाह दी गई है। विद्यालय प्रबंधन से मौसम पर नजर रखने और खराब मौसम में बच्चों की बाहरी गतिविधियां न कराने को कहा गया है। साथ ही बिजली चमकने के दौरान विद्युत उपकरणों का उपयोग सीमित करने और टूटे तारों से दूर रहने की हिदायत दी गई है। जिलाधिकारी ने कहा है कि सभी लोग मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें, अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन, पुलिस या स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें। ए. शर्मा/ईएमएस फिरोजाबाद