गुना (ईएमएस)। शहर के हड्डी मील इलाके में एक घर से संदिग्ध मांस मिलने की सूचना पर सोमवार को हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। वेटनरी विभाग के डॉक्टरों को बुलाकर मांस के सैंपल लिए गए, जबकि बाकी बचे मांस को गड्ढा खोदकर नष्ट कराया गया। जानकारी के अनुसार हड्डी मील क्षेत्र निवासी ऐजाज पुत्र फारुख अहमद उम्र 47 वर्ष के घर में संदिग्ध मांस होने की सूचना पुलिस और प्रशासन को मिली थी। सूचना के बाद कुछ गौसेवक मौके पर पहुंचे और घर में रखे मांस को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि एक प्लास्टिक के बोरे में लगभग 8 से 10 किलो मांस रखा हुआ था। गौसेवकों द्वारा पूछताछ करने पर मकान मालिक ने बताया कि वह यह मांस छबड़ा से लेकर आया था और इसे अपने रिश्तेदारों एवं गरीब लोगों में वितरित करना था। वहीं गौसेवकों ने आशंका जताई कि यह गौमांस हो सकता है, जिसके बाद मामले की सूचना तत्काल पुलिस और प्रशासन को दी गई। सूचना मिलने पर एसडीओपी विवेक अष्ठाना सहित कोतवाली और कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पशु चिकित्सालय से डॉक्टरों की टीम बुलवाई, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध मांस के सैंपल लिए। इसके बाद नायब तहसीलदार की मौजूदगी में शेष मांस को गड्ढा खोदकर नष्ट कराया गया। एसडीओपी विवेक अष्ठाना ने बताया कि कोतवाली पुलिस को हड्डी मील इलाके में एक घर में संदिग्ध मांस होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और वेटनरी डॉक्टरों से सैंपल लिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद यदि मांस ऐसा पाया जाता है, जो अपराध की श्रेणी में आता है, तो संबंधित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सीताराम नाटानी