क्षेत्रीय
28-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2025-26 के तहत रायपुर नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 4 क्षेत्र में ब्राम्हणपारा वार्ड स्थित धोबीपारा उद्यान परिसर के समीप सामुदायिक भवन में आरआरआर (रिड्यूस, रियूज, रिसायकल) सेंटर का नए स्वरूप में शुभारंभ किया गया। नवीन आरआरआर सेंटर का लोकार्पण रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर, एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा एवं अमर गिदवानी, जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा तथा ब्राम्हणपारा वार्ड पार्षद अजय साहू सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि आरआरआर सेंटर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की एक महत्वपूर्ण अवधारणा है, जिसका उद्देश्य कचरे को कम करना, उपयोग योग्य वस्तुओं का पुनः उपयोग बढ़ाना तथा अपशिष्ट का पुनर्चक्रण कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। उन्होंने आगामी विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2026 के अवसर पर नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों में उपयोग में नहीं आने वाली वस्तुएं आरआरआर सेंटर में जमा कर पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंद लोगों की सहायता में सहभागी बनें। नगर निगम द्वारा इस आरआरआर सेंटर के लिए ई-बैटरी वाहन की व्यवस्था की गई है, जो जोन 4 के सातों वार्डों से घर-घर जाकर अनुपयोगी वस्तुओं का संग्रह करेगा। इन वस्तुओं को मरम्मत एवं पुनः उपयोग योग्य बनाकर जरूरतमंद नागरिकों को उपलब्ध कराया जाएगा। महिलाओं के स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेंटर में सिलाई मशीन भी उपलब्ध कराई गई है, जहां महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार से जुड़ सकेंगी। केंद्र का संचालन धरोहर महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा। सेंटर में बर्तन बैंक एवं झोला बैंक की भी व्यवस्था की गई है। यहां पुराने कपड़े, जूते-चप्पल, इलेक्ट्रॉनिक सामान, बर्तन, प्लास्टिक सामग्री एवं अन्य अनुपयोगी वस्तुओं को अलग-अलग श्रेणियों में संग्रहित करने की सुविधा दी गई है। महापौर ने बताया कि जो सामग्री पुनः उपयोग योग्य नहीं होती, उसे स्व-सहायता समूह की महिलाएं रिसायकल कर थैले, झोले एवं अन्य उपयोगी उत्पादों में परिवर्तित करेंगी। शेष अपशिष्ट को अधिकृत रिसाइक्लर्स एवं प्रोसेसिंग यूनिट्स तक भेजा जाएगा, जिससे वैज्ञानिक निपटान एवं सर्कुलर इकॉनमी को बढ़ावा मिल सके। कार्यक्रम में नगर निगम अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, महिला स्वसहायता समूह की सदस्याओं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/28 मई 2026