० कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दमन और बढ़ते अपराधों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की पत्रकार वार्ता रायपुर (ईएमएस)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा की साय सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ढाई साल के शासनकाल में सरकार क्रूर और अत्याचारी बन गई है तथा अपना लोकतांत्रिक चरित्र खो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष का दमन करने में लगी हुई है, जबकि जनहित और विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़ गए हैं। दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और अपराधों में तेजी से वृद्धि हुई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में एक दर्जन से अधिक लोगों की गोली मारकर हत्या की जा चुकी है। अकेले राजधानी रायपुर में आठ गोलीकांड हो चुके हैं। इसके अलावा बिलासपुर, पेण्ड्रा-गौरेला, दुर्ग, मस्तूरी, जांजगीर-चांपा, जशपुर और कवर्धा में भी गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने हाल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पेंड्रा के कोटमी बाजार में सराफा कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं रायपुर के कुशालपुर में गैंगवार और गंज थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना हुई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। देवभोग में महिला समेत एक ही परिवार के चार लोगों पर धारदार ब्लेड से हमला किया गया, जिसमें महिला की मौत हो गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि नगरीय निकाय एवं पंचायत उपचुनावों में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर चुनाव प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सूरजपुर जिले के शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस के चुनाव संचालक एवं जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत झूठा मामला दर्ज किया गया। इसके विरोध में कांग्रेस ने धरना एवं आमरण अनशन किया, जिसके बाद प्रशासन को झुकना पड़ा और मांगें माननी पड़ीं। दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ी है और लोकतंत्र के दमन के हर प्रयास का मुकाबला करेगी। उन्होंने बताया कि हाल ही में बस्तर और सरगुजा संभाग में कांग्रेस ने भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनांदोलन चलाया। बस्तर दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने और क्षेत्र की समस्याएं रखने की कोशिश की गई, लेकिन कांग्रेस नेताओं को रास्ते में रोक दिया गया। उन्होंने भाजपा नेताओं पर प्रशासनिक तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा विधायक और युवा मोर्चा के नेता खुलेआम अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं, जिससे अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो रहा है। पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेन्द्र तिवारी, पूर्व राष्ट्रीय सचिव विकास उपाध्याय, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महामंत्री सीमा वर्मा, वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, सत्यप्रकाश सिंह एवं ऋषभ चंद्राकर उपस्थित रहे। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/28 मई 2026