रायपुर (ईएमएस)। रेलवे इंस्टिट्यूट वैरिशा, रायपुर में आयोजित डब्ल्यू आर एस समर कैंप–2026 के अंतर्गत 27 मई 2026, बुधवार को बालक एवं बालिका वर्ग की बैडमिंटन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वैगन रिपेयर शॉप (वैरिशा) रायपुर के मुख्य कर्मशाला प्रबंधक निर्मल कुमार भंडारी उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ बैडमिंटन खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ खेलना प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायक एवं यादगार क्षण बन गया। अपने संबोधन में श्री भंडारी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से खेलों में भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने भी मुख्य कर्मशाला प्रबंधक के स्नेहपूर्ण व्यवहार एवं प्रोत्साहन के लिए उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अभिभावकों एवं सदस्यों ने भी इस आयोजन की सराहना की। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/28 मई 2026