क्षेत्रीय
28-May-2026
...


- मातृशक्ति प्रकोष्ठ का अनूठा आयोजन, 3 जून को होगा 61 माताओं के व्रत का सामूहिक उद्यापन इंदौर (ईएमएस)। विमानतल मार्ग स्थित विद्याधाम में आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास के मातृशक्ति प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आगामी 1 जून से संगीतमय श्रीरामकथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली इस कथा का पहला निमंत्रण (न्योता) गुरुवार को श्रीविद्याधाम मंदिर स्थित गणपति परिवार, मां पराम्बा और हनुमानजी को भावपूर्वक समर्पित किया गया। इस अनूठे अनुष्ठान की मुख्य यजमान पुष्पा-अशोक शर्मा सहित प्रकोष्ठ की पदाधिकारी सरस्वती शर्मा, साधना शर्मा, भारती शर्मा और पिंकी शर्मा सहित अन्य मातृशक्तियों ने गणपति पूजन कर सभी देवी-देवताओं से कथा में पधारने की प्रार्थना की। इस अवसर पर न्यास के पं. दिनेश शर्मा, राजकिशोर शर्मा, डॉ. लोकेश जोशी सहित अन्य प्रबुद्धजन विशेष रूप से उपस्थित थे। - शहर का एकमात्र मंदिर जहां सपरिवार हैं गणपति बप्पा उल्लेखनीय है कि विद्याधाम में गणपति बप्पा का एक अत्यंत अनूठा मंदिर स्थापित है। यह शहर का एकमात्र ऐसा गणेश मंदिर है जहां भगवान गणेश अपनी पांचों पत्नियों (रिद्धि, सिद्धि, तुष्टि, पुष्टि और श्री), दो पुत्रों (शुभ और लाभ) तथा दो पोतों (आमोद और प्रमोद) के साथ पूरे परिवार सहित विराजमान हैं। - आचार्य राहुल शास्त्री करेंगे अमृत वर्षा मातृशक्ति प्रकोष्ठ की पदाधिकारियों ने बताया कि 1 से 7 जून तक चलने वाले इस दिव्य आयोजन में नेपाल सहित देश के चारों धामों पर भागवत कथा कर चुके सुप्रसिद्ध आचार्य पं. राहुल कृष्ण शास्त्री अपने मुखारबिंद से श्रीरामकथा की अमृत वर्षा करेंगे। इसके साथ ही, बुधवार 3 जून को पुरुषोत्तम मास की चतुर्थी का व्रत करने वाली 61 माताओं के व्रत का सामूहिक उद्यापन भी श्रीविद्याधाम परिसर में ही संपन्न होगा, जिसके लिए मातृशक्ति प्रकोष्ठ द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही हैं। प्रकाश/28 मई 2026