क्षेत्रीय
28-May-2026
...


- भागवत कथा में आज मनेगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, भजनों की गंगा में झूमे श्रद्धालु इंदौर (ईएमएस)। मालवा मील अग्रवाल पंचायत की मेजबानी में वाई.एन. रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित भागवत ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राजस्थान के प्रख्यात भागवताचार्य पं. सतीशचन्द्र शर्मा ने प्रभु श्रीराम के आदर्श चरित्र का गुणगान किया। उनके सुमधुर भजनों की गंगा में श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। इस दौरान महिला श्रद्धालुओं द्वारा विशेष रूप से घर से तैयार कर लाई गई आटे की पंजेरी और अन्य व्यंजनों का भोग समर्पित किया गया। कथा के दौरान मालवा मील क्षेत्र की 40 से अधिक कॉलोनियों और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। श्रीराम जन्मोत्सव के बाद महाआरती में समूचे क्षेत्र के नागरिकों ने जयघोष के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इससे पूर्व पंचायत अध्यक्ष गोविंद गर्ग, मंत्री सुशील अग्रवाल, कथा संयोजक राजेश अग्रवाल, अर्पण गर्ग, उमेश मंगल और महिला मंडल अध्यक्ष मोनिका पोद्दार सहित समाज के प्रबुद्धजनों ने व्यास पीठ का सामूहिक पूजन किया। कार्यक्रम का संचालन सुभाष अग्रवाल ने किया तथा आभार कल्याण अग्रवाल ने माना। - आज फूलों की होली के साथ मनेगा कृष्ण जन्मोत्सव संयोजकों ने बताया कि यह ज्ञान यज्ञ आगामी 1 जून तक प्रतिदिन दोपहर 3:00 से शाम 6:00 बजे तक जारी रहेगा। इसी कड़ी में आज, यानी शुक्रवार 29 मई को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग बेहद धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसमें विशेष रूप से फूलों की होली खेली जाएगी। इसके बाद शनिवार 30 मई को गोवर्धन पूजन व छप्पन भोग दर्शन, रविवार 31 मई को रुक्मणी विवाह (जिसके लिए श्रद्धालुओं से हल्दी-मेहंदी लगाकर आने का आग्रह किया गया है) तथा सोमवार 1 जून को सुदामा चरित्र, भागवत महापूजन और हवन-यज्ञ के साथ शुकदेवजी की विदाई कर कथा का विश्राम होगा। प्रकाश/28 मई 2026