ताईपे (ईएमएस)। पांच पोते-पोतियों की दादी ताइवान की 72 वर्षीय लिन सुई-त्जु आज अपनी शानदार फिटनेस, मजबूत मसल्स और आत्मविश्वास भरी मौजूदगी की वजह से दुनियाभर में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। उनकी कहानी यह साबित करती है कि उम्र सिर्फ एक संख्या है और अगर इच्छाशक्ति मजबूत हो तो किसी भी उम्र में नई शुरुआत की जा सकती है। लिन सुई-त्जु ताइवान की सबसे उम्रदराज सक्रिय महिला बॉडीबिल्डर्स में गिनी जाती हैं। हाल ही में उन्होंने 2025 प्रेसिडेंट्स कप बॉडीबिल्डिंग एंड फिटनेस चैंपियनशिप में 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में पहला स्थान हासिल कर सभी को हैरान कर दिया। उनकी जीत ने यह संदेश दिया कि फिटनेस और आत्मविश्वास के लिए कोई तय उम्र नहीं होती। सबसे दिलचस्प बात यह है कि लिन ने अपना फिटनेस सफर युवावस्था में नहीं, बल्कि 69 साल की उम्र में शुरू किया। वह पहले डायबिटीज एजुकेटर के रूप में काम करती थीं और लोगों को स्वास्थ्य और व्यायाम के फायदे समझाती थीं। लेकिन जब उन्होंने देखा कि अधिकतर बुजुर्ग लोग एक्सरसाइज से दूरी बनाकर रखते हैं, तो उन्होंने खुद उदाहरण बनने का फैसला किया। इसी सोच के साथ उन्होंने जिम जाना शुरू किया और वेट ट्रेनिंग अपनाई। शुरुआत में उन्हें लगता था कि वजन उठाना केवल बड़े मसल्स बनाने के लिए होता है, लेकिन बाद में उन्होंने महसूस किया कि यह शरीर को मजबूत बनाने, हड्डियों को स्वस्थ रखने और आत्मविश्वास बढ़ाने का भी बेहतरीन तरीका है। आज उनका फिटनेस रूटीन बेहद अनुशासित है। वह सप्ताह में छह दिन ट्रेनिंग करती हैं, जिसमें वेट ट्रेनिंग, कार्डियो और फ्लेक्सिबिलिटी एक्सरसाइज शामिल होती हैं। हाल ही में सामने आए एक वीडियो में लिन बॉडीबिल्डिंग स्टेज पर पर्पल बिकिनी में आत्मविश्वास के साथ पोज देती नजर आईं। उन्होंने अपनी ताकत और फिटनेस का शानदार प्रदर्शन किया। लिन का कहना है कि फिटनेस ने उन्हें सिर्फ मजबूत शरीर ही नहीं, बल्कि नया आत्मविश्वास भी दिया है। उनके अनुसार असली खूबसूरती बाहरी दिखावे में नहीं, बल्कि भीतर के आत्मविश्वास और सम्मान में होती है। जिम के अलावा लिन पेंटिंग, योग और बॉलरूम डांस भी करती हैं। सुदामा/ईएमएस 29 मई 2026