सैन फ्रासिस्को (ईएमएस)। लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म वॉट्सऐप कंपनी ने आईओएस यूजर्स के लिए ‘मीडिया अटैचमेंट शीट’ का नया डिजाइन पेश किया है, जो चैटिंग के दौरान मीडिया साझा करने के पूरे अनुभव को बदलने वाला माना जा रहा है। हाल ही में वॉट्सऐप ने आईफोन यूजर्स के लिए एक नया और अहम अपडेट जारी किया है, जिससे फोटो, वीडियो और दूसरी मीडिया फाइल्स शेयर करना पहले से ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार यह फीचर व्हाट्सऐप फॉर आईओएस में देखा गया है और इसे धीरे-धीरे सभी आईफोन यूजर्स तक पहुंचाया जा रहा है। नए अपडेट के बाद जब यूजर किसी चैट में ‘प्लस’ बटन पर टैप करेंगे, तो उन्हें नया मीडिया शेयर इंटरफेस दिखाई देगा। स्क्रीन के ऊपरी हिस्से में डॉक्यूमेंट, फोटो, लोकेशन और अन्य शेयरिंग विकल्प मौजूद रहेंगे, जबकि सबसे बड़ा बदलाव नीचे के हिस्से में देखने को मिलेगा। अब यूजर्स को अपनी पूरी गैलरी खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वॉट्सऐप ने हाल ही में सेव की गई फोटो और वीडियो को सीधे एक 4गुणा4 ग्रिड लेआउट में दिखाना शुरू किया है। इससे यूजर्स एक ही स्क्रीन पर कई मीडिया फाइल्स देख और चुन सकेंगे। खास बात यह है कि चैट स्क्रीन बैकग्राउंड में दिखाई देती रहेगी, जिससे बातचीत का फ्लो नहीं टूटेगा और मीडिया शेयरिंग का अनुभव ज्यादा स्मूद और सहज महसूस होगा। रिपोर्ट में सामने आए स्क्रीनशॉट के मुताबिक नया इंटरफेस पहले की तुलना में ज्यादा क्लीन, मॉडर्न और यूजर फ्रेंडली नजर आ रहा है। यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है, जो रोजाना बड़ी संख्या में फोटो और वीडियो शेयर करते हैं या जिनकी गैलरी में बहुत अधिक मीडिया फाइल्स मौजूद रहती हैं। इससे जरूरी फोटो और वीडियो ढूंढने में कम समय लगेगा और मल्टीटास्किंग भी आसान हो जाएगी। फिलहाल कंपनी इस फीचर को चुनिंदा आईफोन यूजर्स के लिए रोलआउट कर रही है। माना जा रहा है कि बड़े स्तर पर जारी करने से पहले कंपनी इसकी परफॉर्मेंस और स्टेबिलिटी की जांच कर रही है ताकि किसी भी तकनीकी समस्या से बचा जा सके। आने वाले समय में इसे सभी आईओएस यूजर्स के लिए स्टेबल अपडेट के जरिए उपलब्ध कराया जा सकता है। अगर आपके आईफोन में यह नया फीचर अभी दिखाई नहीं दे रहा है, तो आपको वॉट्सऐप का लेटेस्ट वर्जन अपडेट करना होगा और कुछ समय इंतजार करना पड़ सकता है। कंपनी धीरे-धीरे इस फीचर को सभी यूजर्स तक पहुंचा रही है। सुदामा/ईएमएस 29 मई 2026