क्षेत्रीय
29-May-2026
...


- निवास-मंडला मार्ग पर बड़ा हादसा, गड्ढे में जा गिरी कार, पूर्व विधायक का जिला अस्पताल में चल रहा उपचार मण्डला (ईएमएस)। मंडला जिले के निवास-मंडला मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। निवास विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुके भाजपा के वरिष्ठ नेता राम प्यारे कुलस्ते की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसा बकौरी और खारी गांव के बीच हुआ। दुर्घटना में उन्हें सिर, पैर और पीठ में चोटें आई हैं। फिलहाल उनका उपचार जिला अस्पताल मंडला में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार राम प्यारे कुलस्ते भाजपा की एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने मंडला जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वह स्वयं कार चला रहे थे और वाहन में अकेले सवार थे। अचानक बिगड़ा संतुलन, कई बार पलटी कार प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बकौरी और खारी गांव के बीच अचानक उनकी कार का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार में कार सड़क से नीचे उतर गई और कई बार पलटते हुए सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के समय राम प्यारे कुलस्ते कार के भीतर ही फंस गए थे और स्वयं बाहर निकल पाने की स्थिति में नहीं थे। भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने पहुंचाई मदद हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रहे भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश जैन ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद पूर्व विधायक को कार से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल राजेश जैन की गाड़ी से जिला अस्पताल मंडला पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया। समय रहते अस्पताल पहुंचाने के कारण स्थिति नियंत्रण में रही। एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश जैन ने बताया कि दुर्घटना के दौरान कार के एयरबैग समय पर खुल गए थे। एयरबैग खुलने से राम प्यारे कुलस्ते को गंभीर चोटों से काफी हद तक बचाव मिल गया। हालांकि हादसा बेहद भयावह था और कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। यदि एयरबैग नहीं खुलते तो हादसा और भी गंभीर रूप ले सकता था। सिर, पैर और पीठ में आई चोटें जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व विधायक को सिर, पैर और पीठ में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार वह पूरी तरह होश में हैं और बातचीत भी कर रहे हैं। उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। एक्सरे और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद चोटों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। ईएमएस/मोहने/ 29 मई 2026