- मंडला के अंजनिया चौकी क्षेत्र का मामला; तीन दिन पुराना शव होने की आशंका मण्डला (ईएमएस)। मंडला जिले के अंजनिया चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मांद की सड़क के पास नहर किनारे झाड़ियों में गुरुवार देर रात एक नवजात शिशु का शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने शव को वहां छोड़ा है। ग्रामीणों ने नहर किनारे झाड़ियों के बीच एक पेड़ के नीचे नवजात का शव देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना अंजनिया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को जांच के लिए अस्पताल भिजवाया। बताया गया है कि जिस स्थान पर यह शव मिला, वह इलाका काफी सुनसान है। तीन दिन पुराना है शव अंजनिया चौकी प्रभारी प्रवीण शर्मा ने बताया कि नवजात शिशु के शव पर कपड़े थे। प्राथमिक जांच में शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और उसमें चींटियां लग चुकी थीं। शव को पीएम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने इस संबंध में मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ईएमएस/मोहने/ 29 मई 2026