राष्ट्रीय
29-May-2026


जगतसिंहपुर (ईएमएस)। ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में स्थित जिला ग्रामीण विकास एजेंसी कार्यालय में महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। यहां महिला वॉशरूम में संदिग्ध सीक्रेट कैमरा मिलने से सरकारी दफ्तर में हड़कंप मच गया। घटना सामने आने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि वित्त विभाग में कार्यरत महिला कर्मचारी मधुस्मिता सामंतराय जब वॉशरूम में पहुंचीं, तभी उन्हें एक संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस दिखाई दिया। डिवाइस नीचे गिरा हुआ था, जिससे शक होने पर उन्होंने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध कैमरे को जब्त कर लिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। तिरतोल के उप पुलिस अधीक्षक अजय कुमार दास ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई है। कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कैमरा किसने और कब लगाया। डिजिटल फॉरेंसिक टीम यह जांच कर रही है कि कैमरे में कोई रिकॉर्डिंग मौजूद है या नहीं और कहीं डेटा किसी अन्य डिवाइस में ट्रांसफर तो नहीं किया गया। घटना के बाद महिला कर्मचारियों में डर और नाराजगी का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सुबोध/२९ -०५-२०२६