राष्ट्रीय
29-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में यमुना नदी किनारे संचालित पांच वाटर स्पोर्ट्स क्लबों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया गया है। दिल्ली विकास प्राधिकरण की ओर से जारी नोटिस में क्लबों को तीन दिन के भीतर जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि तय समय में कार्रवाई नहीं होने पर बल प्रयोग कर ढांचों को हटाया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, सोनिया विहार जल शोधन संयंत्र के पास यमुना तट पर बने इन क्लबों पर सरकारी जमीन पर अस्थायी निर्माण कर कब्जा करने का आरोप है। जिन क्लबों को नोटिस भेजा गया है उनमें वसुंधरा रोइंग क्लब, सीमा सुरक्षा बल सेंटर वाटर स्पोर्ट्स क्लब, सोनिया विहार वाटर स्पोर्ट्स क्लब, वजीराबाद वाटर स्पोर्ट्स क्लब और दिल्ली रोइंग नोड शामिल हैं। ये सभी क्लब दिल्ली रोइंग एसोसिएशन से जुड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ क्लब सेना और सीमा सुरक्षा बल से जुड़े हैं, जबकि कुछ निजी संस्थाओं द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। क्लब संचालकों का कहना है कि यहां राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी चल रही है और इस कार्रवाई से खिलाड़ियों के प्रशिक्षण पर बड़ा असर पड़ सकता है। यमुना किनारे चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। हाल के महीनों में दिल्ली सरकार और विभिन्न एजेंसियों ने यमुना बाढ़ क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। खिलाड़ियों और क्लब प्रबंधन ने प्रशासन से वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि रोइंग, कयाकिंग और कैनोइंग जैसी गतिविधियां जारी रह सकें। सुबोध/२९ -०५-२०२६