नई दिल्ली (ईएमएस)। आगामी अमरनाथ यात्रा को लेकर जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा ग्रिड और विभिन्न सुरक्षा इंतजामों की विस्तृत समीक्षा की। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, आधार शिविर और यात्रा मार्ग पर तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ तैनात किया जाएगा। शिविर क्षेत्र में प्रवेश और निकासी बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, जबकि सीसीटीवी कैमरों और आधुनिक निगरानी उपकरणों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। सुरक्षा समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं, अग्निशमन व्यवस्था और तीर्थयात्रियों की आवाजाही को लेकर भी चर्चा की। प्रशासन का कहना है कि यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इस वर्ष अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की निगरानी और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए रेडियो फ्रीक्वेंसी पहचान प्रणाली यानी आरएफआईडी कार्ड का उपयोग भी किया जाएगा। इससे यात्रियों की वास्तविक समय में ट्रैकिंग संभव हो सकेगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा एजेंसियों के साथ सहयोग बनाए रखें। सुबोध/२९ -०५-२०२६