राष्ट्रीय
29-May-2026


* खंभात की खाड़ी पर बनेगा 30 किलोमीटर लंबा मेगा ब्रिज, भावनगर से भरूच का सफर सिर्फ 45 मिनट में होगा पूरा अहमदाबाद (ईएमएस)| भारत सरकार द्वारा लिए गए एक ऐतिहासिक फैसले से गुजरात के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। खंभात की खाड़ी पर देश का सबसे लंबा समुद्री पुल बनाया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत लगभग 30 किलोमीटर लंबा भव्य सी-ब्रिज तैयार किया जाएगा, जो केवल इंजीनियरिंग का अद्भुत नमूना ही नहीं बल्कि दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र को जोड़ने वाली मजबूत कड़ी भी साबित होगा। * वर्षों पुराना सपना होगा साकार लंबे समय से लोग जिस आधुनिक कनेक्टिविटी की प्रतीक्षा कर रहे थे, अब वह सपना जल्द हकीकत बनने जा रहा है। इस समुद्री पुल के निर्माण के बाद गुजरात में यात्रा व्यवस्था पूरी तरह बदल जाएगी। खास तौर पर भावनगर और भरूच के बीच सफर करने वाले यात्रियों को सबसे बड़ा लाभ मिलेगा। वर्तमान में भावनगर से भरूच पहुंचने के लिए सड़क मार्ग से लंबा चक्कर लगाना पड़ता है, जिसमें करीब 7 से 8 घंटे का समय लगता है। लेकिन नए समुद्री पुल के बनने के बाद यही सफर घटकर मात्र 45 मिनट का रह जाएगा। इससे यात्रियों का समय बचेगा और ईंधन की भी भारी बचत होगी। * व्यापार और उद्योग को मिलेगा बड़ा बढ़ावा यह 30 किलोमीटर लंबा सी-ब्रिज गुजरात के व्यापार, उद्योग और पर्यटन क्षेत्र के लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है। सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के लाखों लोगों को लंबे ट्रैफिक और दूरी की समस्या से राहत मिलेगी। उद्योगों के लिए माल परिवहन तेज और आसान होगा, जिससे लॉजिस्टिक्स लागत कम होगी और उत्पादकता में बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा समुद्री पर्यटन को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। * हाई-स्पीड कॉरिडोर का अहम हिस्सा बनेगा प्रोजेक्ट यह परियोजना केवल दो शहरों को जोड़ने तक सीमित नहीं है। प्रस्तावित ब्रिज जमनगर-भावनगर-भरूच हाई-स्पीड कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगा। इस कॉरिडोर के चालू होने के बाद गुजरात की आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना आने वाले समय में भारत के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का मॉडल बन सकती है। * गुजरात के विकास को मिलेगी नई ऊंचाई केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से राज्य में कनेक्टिविटी बेहतर होगी, औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और पर्यटन क्षेत्र में भी नए आयाम जुड़ेंगे। यह मेगा प्रोजेक्ट गुजरात को देश के सबसे आधुनिक और तेज़ी से विकसित होने वाले राज्यों में और मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। सतीश/29 मई