वियना (ईएमएस)। पैराग्लाइडिंग के दौरान ऑस्ट्रिया के पहाड़ी इलाके में हुआ एक खौफनाक हादसा दुनियाभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस हादसे के प्रत्यक्षदर्शी महिला की हिम्मत की दाद दे रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 44 वर्षीय सबरीना ऑस्ट्रिया के प्रसिद्ध श्मिटेनहोहे पर्वत क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग कर रही थीं। इसी दौरान एक छोटा पर्यटन विमान उनके बेहद करीब पहुंच गया। देखते ही देखते विमान का पंख उनके पैराशूट से टकरा गया और पैराग्लाइडर का मुख्य पैराशूट बुरी तरह फट गया। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई देता है कि टक्कर के बाद पैराशूट के टुकड़े हवा में बिखर जाते हैं और महिला तेजी से नीचे गिरने लगती है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के समय महिला हजारों फीट की ऊंचाई पर थीं। पैराशूट टूटने के बाद वे हवा में असंतुलित होकर तेजी से नीचे गिरने लगीं। कुछ क्षणों के लिए ऐसा लगा कि अब उन्हें बचाना संभव नहीं होगा। लेकिन इस बेहद खतरनाक स्थिति में भी सबरीना ने धैर्य बनाए रखा। उन्होंने खुद को उलझे हुए पैराशूट के टुकड़ों से अलग किया और समय रहते अपना इमरजेंसी पैराशूट खोल दिया। यदि इसमें कुछ सेकंड की भी देरी होती तो हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। इमरजेंसी पैराशूट खुलने के बाद उनकी गिरने की रफ्तार धीमी हो गई। इसके बाद पुलिस हेलीकॉप्टर की मदद से उनका रेस्क्यू किया गया और सुरक्षित स्थानीय एयरपोर्ट पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में उन्हें केवल चोटें और शरीर पर कई जगह खरोंचें आईं। गंभीर हादसे के बावजूद उनकी जान बच गई। हादसे के बाद सबरीना ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए लिखा कि उन्हें अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि वे जीवित हैं। उन्होंने कहा कि कुछ चोटों और दर्द के अलावा उन्हें कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। वहीं विमान उड़ा रहे 28 वर्षीय पायलट ने दावा किया कि वह इस टक्कर को टाल नहीं सकता था। अधिकारियों के अनुसार विमान भी सुरक्षित रूप से एयरपोर्ट पर उतर गया। यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसे किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं। इससे पहले भी यूरोप में पैराग्लाइडिंग के कई हादसे सामने आ चुके हैं। सुदामा/ईएमएस 30 मई 2026