लॉस एंजेलस (ईएमएस)। दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में शामिल की जा चुकीं हॉलीवुड अभिनेत्री जेंडाया ने खुलासा किया है कि वह एक साथ कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही थीं, जिसके चलते उन्हें भारी थकान का सामना करना पड़ा। अभिनेत्री जेंडाया इन दिनों अपने व्यस्त शूटिंग शेड्यूल को लेकर चर्चा में हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जेंडाया इन दिनों फिल्म द ओडिसी, ड्यून पार्ट थ्री और सीरीज यूफोरिया के तीसरे सीजन की शूटिंग एक साथ कर रही थीं। अभिनेत्री ने बताया कि लगातार अलग-अलग प्रोजेक्ट्स के बीच काम करना उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। उन्होंने कहा कि कई बार वह इतनी थक जाती थीं कि सेट पर ध्यान बनाए रखना भी मुश्किल हो जाता था। जेंडाया ने बताया कि उन्हें खास तौर पर यूफोरिया की शूटिंग के दौरान काफी परेशानी हुई। रात में एक रैंच पर शूटिंग चल रही थी और उसी दौरान उन्हें ड्यून पार्ट थ्री के लिए चाकोबसा भाषा की लाइनें याद करनी पड़ रही थीं। इसके साथ ही वह द ओडिसी के संवाद भी लिखकर याद कर रही थीं, क्योंकि उन्हें जल्द ही आइसलैंड जाकर शूटिंग करनी थी। अभिनेत्री ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके करियर की सबसे शर्मनाक बात यही हो सकती थी कि वह निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म में अपनी लाइनें भूल जाएं, लेकिन ऐसा एक बार हो भी गया। हालांकि उन्होंने इसे अपने व्यस्त और थकाऊ शेड्यूल का असर बताया। वर्कफ्रंट की बात करें तो जेंडाया जल्द ही द ओडिसी में एथेना की भूमिका में दिखाई देंगी। इसके बाद वह स्पाइडर मैन: द ब्रैंड न्यू डे में एमजे के किरदार में वापसी करेंगी। वहीं ड्यून पार्ट थ्री में वह चानी की भूमिका निभाती नजर आएंगी। जेंडाया ने मार्च में यह भी कहा था कि इतने व्यस्त साल के बाद वह कुछ समय के लिए सार्वजनिक जीवन से दूरी बना सकती हैं। उन्होंने मजाक में कहा था कि शायद लोग उन्हें लगातार देखकर बोर हो जाएं, इसलिए उन्हें थोड़े समय के लिए “गायब” होना पड़ेगा। सुदामा/ईएमएस 30 मई 2026