क्षेत्रीय
30-May-2026
...


- कलाकंद की मिठास और वादियों का जादू : अब आदर्श पर्यटक ग्राम बनकर देश के नक्शे पर चमकेगा कालाकुंड ​इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सुशासन एवं संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था के तहत दिए गए दिशा-निर्देशों के पालन में एक अनूठी पहल सामने आई है। कलेक्टर शिवम वर्मा शुक्रवार रात जिले के दूरस्थ और प्राकृतिक सौंदर्य से लबरेज कालाकुंड ग्राम पहुंचे। रात्रि ग्राम चौपाल कार्यक्रम के तहत आयोजित इस अनौपचारिक चर्चा में कलेक्टर ने ग्रामीणों के बीच बैठकर सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को जाना। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण सौगातें भी दीं। ​दूध से बने अपने प्रसिद्ध उत्पाद ‘कलाकंद’ और अछूते प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विख्यात कालाकुंड की पर्यटन क्षमताओं को रेखांकित करते हुए कलेक्टर वर्मा ने इसे आदर्श पर्यटक ग्राम के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहाँ वर्तमान में संचालित होमस्टे कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी तथा व्यावसायिक रूप दिया जाएगा। इसके लिए स्थानीय ग्रामीणों को आवश्यक प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि पर्यटन गतिविधियों के माध्यम से उनकी आय में ठोस वृद्धि हो सके। इस विशेष अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन और एसडीएम महू राकेश परमार सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी मौजूद थे। - सड़कें होंगी सुगम, चोरल नदी का निखरेगा रूप और नए तालाबों से बुझेगी प्यास ग्रामीणों की मांग को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर वर्मा ने कालाकुंड ग्राम पंचायत क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों को हरी झंडी दिखाई। खंडवा रोड से कालाकुंड ग्राम पंचायत तक के सफर को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए उन्होंने 4 नई पुलियाओं के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र काम शुरू करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, गांव में एक नए आंगनवाड़ी भवन के निर्माण, चोरल नदी पर स्थित 10 स्टॉप डैमों की सफाई कर उनकी जलधारण क्षमता बढ़ाने तथा 2 नए तालाबों के निर्माण को भी मंजूरी दी गई। - बुनियादी सुविधाओं की पड़ताल और नौनिहालों को मिला शिक्षा का संबल कलेक्टर ने चौपाल में स्थानीय रहवासियों से चर्चा कर टीकाकरण, शिक्षा की गुणवत्ता, पेयजल और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानी। उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण और संवर्धन के कार्यों को गति देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीण बच्चों को शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया और गांव में संचालित होमस्टे व्यवस्थाओं का खुद निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। - 30 मई 2026