क्षेत्रीय
30-May-2026
...


- मुख्य शिखर पूरी तरह क्षतिग्रस्त - शनिवार सुबह भी जारी रहा दर्शन का सिलसिला - टेकरी सरकार मंदिर के शिखर पर गिरी आकाशीय बिजली, मुख्य कलश हुआ क्षतिग्रस्त गुना (ईएमएस)। गुना सहित प्रदेशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र टेकरी सरकार मंदिर शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात आकाशीय बिजली गिरने की घटना का साक्षी बना। रात करीब 1 बजे मंदिर के मुख्य शिखर पर तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी, जिससे शिखर का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और न ही मंदिर के मुख्य ढांचे को कोई नुकसान पहुंचा, जिससे श्रद्धालुओं ने इसे टेकरी सरकार की कृपा बताया। घटना की जानकारी मिलते ही शनिवार तड़के टेकरी ट्रस्ट के पदाधिकारी, पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह सलूजा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच गए। मौके पर निरीक्षण करने पर शिखर का मलबा नीचे बिखरा हुआ मिला। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर में आकाशीय बिजली से सुरक्षा के लिए तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) की व्यवस्था पहले से की गई थी, लेकिन प्रकृति के इस प्रकोप के कारण शिखर को नुकसान पहुंचा है। पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह सलूजा ने बताया कि रात करीब 1 बजे मंदिर के मुख्य शिखर पर बिजली गिरी। घटना में मंदिर का शिखर क्षतिग्रस्त हुआ है, लेकिन मंदिर का मुख्य भाग पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि घटना के समय मंदिर परिसर में कोई श्रद्धालु मौजूद नहीं था और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। उनके अनुसार टेकरी सरकार ने पूरे शहर को सुरक्षित रखते हुए यह आघात स्वयं अपने शिखर पर सहन कर लिया। बताया जा रहा है कि क्षतिग्रस्त हुआ शिखर लगभग 4 लाख रुपए की लागत से निर्मित किया गया था। अब ट्रस्ट द्वारा विशेषज्ञों से चर्चा कर यह निर्णय लिया जाएगा कि शिखर की मरम्मत कराई जाए या फिर उसका पुनर्निर्माण किया जाए। वहीं सरस्वती मंदिर के आसपास भी आकाशीय बिजली गिरने की जानकारी मिली है, जहां एक छोटे शिखर को नुकसान पहुंचा है, हालांकि वहां भी कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे से अचानक मौसम का मिजाज बदल गया था। तेज हवाओं के साथ शहर के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। देर रात 1 से 2 बजे के बीच आसमान में लगातार बिजली कड़कने लगी और तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। इसी दौरान टेकरी सरकार मंदिर के मुख्य शिखर पर बिजली गिरने की घटना हुई। घटना के बाद श्रद्धालुओं में चिंता जरूर दिखाई दी, लेकिन मंदिर के सुरक्षित रहने और किसी प्रकार की जनहानि न होने से सभी ने राहत की सांस ली। सीताराम नाटानी