क्षेत्रीय
30-May-2026
...


अंबरनाथ, (ईएमएस)। ठाणे जिले के अंबरनाथ तहसील क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम राजस्व अधिकारी ईश्वर बद्रीनाथ जाधव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 29 मई को की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी ईश्वर बद्रीनाथ जाधव, वय 56 वर्ष, कुल्ली गांव सज्जा के ग्राम राजस्व अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क कर बताया कि उनके गांव स्थित जमीन से संबंधित मामले में वारस नोंद (उत्तराधिकार नामांतरण) दर्ज करने के लिए अधिकारी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी अधिकारी ने स्वयं के लिए 10 हजार रुपये तथा मंडल अधिकारी के नाम पर अतिरिक्त 10 हजार रुपये, कुल मिलाकर 20 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो, ठाणे द्वारा मामले की जांच की गई और शिकायत सही पाए जाने पर जाल बिछाया गया। शुक्रवार दिनांक 29 मई को की गई ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपी अधिकारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। इसके बाद आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। यह कार्रवाई ठाणे एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम द्वारा पुलिस अधीक्षक शिवराज पाटील के मार्गदर्शन में की गई। मामले में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत इसकी शिकायत करें ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। संतोष झा- ३० मई/२०२६/ईएमएस