राज्य
30-May-2026


- किसानों को अच्छी पैदावार के साथ क्रॉप मैनेजमेंट के बताएं जाएंगे गुर भोपाल (ईएमएस)। देश में पहली बार खेत बचाने अभियान छेड़ा जाएगा। एक जून से शुरू हो रहे इस अभियान में केन्द्र और राज्य की सरकारों के नुमाइंदे किसानों के बीच पहुंचकर उन्हें बताएंगे कि अच्छी पैदावार के साथ क्रॉप मैनेजमेंट किस तरह से किया जाए। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस अभियान में जहां संभव होगा किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि से जुड़े उपकरण, स्वाइल हेल्थ कार्ड और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि किसानों तक सीधे पहुंचने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें 1 जून से 30 जून तक ‘खेत बचाओ अभियान’ चलाएंगी। इस अभियान के तहत गांव-गांव जाकर किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, स्वाइल हेल्थ कार्ड की सिफारिशें, प्राकृतिक खेती, बेहतर फसल प्रबंधन और अन्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही जहां संभव होगा, किसान क्रेडिट कार्ड, मशीनीकरण उपकरण, स्वाइल हेल्थ कार्ड और अन्य सुविधाएं भी व्यवहारिक रूप से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि किसी भी फसल की सफलता की सबसे पहली शर्त गुणवत्तायुक्त बीज है। मौसम की अनिश्चितताओं को ध्यान में रखते हुए केंद्र ने 1.74 लाख क्विंटल का राष्ट्रीय बीज भंडार भी तैयार किया है। यदि कहीं बारिश में देरी हो, बीच में अंतराल आए या पुनर्बुवाई की जरूरत पड़े, तो किसानों को बीज उपलब्ध कराने में कोई कठिनाई न हो, इसके लिए अग्रिम तैयारी की गई है। खरीफ के लिए देश में हैं पर्याप्त बीज केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस बार देश में खरीफ 2026 के लिए बीज की उपलब्धता पूरी तरह आश्वस्त करने वाली है। खरीफ सीजन के लिए देश में लगभग 173 लाख क्विंटल बीज की आवश्यकता है, जबकि 192 लाख क्विंटल बीज उपलब्ध हैं। यानि जरूरत से लगभग 11 प्रतिशत अधिक बीज उपलब्ध कराया गया है। राज्यों की आवश्यकताओं के अनुरूप बीज आवंटन भी किया जा चुका है। इस बात पर विशेष जोर दिया गया है कि समय रहते बीज राज्यों द्वारा उठाया जाए और किसानों तक खरीफ बुवाई से पहले पहुंचाया जाए। फार्मर आईडी कैंपेन, अब कागज नहीं सिर्फ एक कार्ड शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि किसानों को योजनाओं का लाभ सरल और लक्षित तरीके से देने के लिए फार्मर आईडी अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया गया है। अब तक 9 करोड़ 76 लाख से अधिक फार्मर आईडी बनाई जा चुकी हैं। इससे किसानों को बार-बार अलग-अलग कागज देने की जरूरत कम होगी और खाद, सहायता तथा अन्य सुविधाओं का वितरण अधिक पारदर्शी और सही पात्रों तक सुनिश्चित किया जा सकेगा। देश में 20 लाख किसानों ने कराया आर्गेनिक खेती के लिए पंजीयन प्राकृतिक खेती और संतुलित उर्वरक उपयोग पर भी इस सम्मेलन में व्यापक चर्चा हुई। कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने बताया कि देश में 20 लाख किसानों ने 8 लाख हेक्टेयर क्षेत्र के लिए प्राकृतिक खेती के लिए पंजीकरण कराया है। इसके अलावा अनेक किसान परंपरागत रूप से भी प्राकृतिक पद्धतियों का पालन कर रहे है। उन्होंने छोटी जोत वाले किसानों के लिए इंटीग्रेटेड फार्मिंग को भी महत्वपूर्ण बताया और कहा कि यह आय बढ़ाने का व्यावहारिक रास्ता बन सकता है। विनोद / 30 मई 26