बाराबंकी (ईएमएस)। भारत सरकार में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने बाराबंकी जनपद का दौरा किया। इस दौरान वह भाजपा के पूर्व सांसद उपेंद्र सिंह रावत के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने जिले के प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) ‘वीबी-जी राम जी’ के कार्यान्वयन की समीक्षा की। केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि मनरेगा में कई प्रकार की त्रुटियां थीं और बड़े स्तर पर अनियमितताओं एवं घोटालों की शिकायतें सामने आ रही थीं। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ‘वीबी-जी राम जी’ योजना लेकर आई है। उन्होंने कहा कि इस नई योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर वह विभिन्न जिलों का दौरा कर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनने वाली नई कार्ययोजनाओं पर भी अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर केंद्र सरकार के मंत्री और विभागीय अधिकारी जिला स्तर पर पहुंचकर योजनाओं की प्रगति का आकलन कर रहे हैं। इसी क्रम में वह बाराबंकी पहुंचे हैं। केन्द्रीय मंत्री पासवान ने कहा कि बैठक में बड़ी संख्या में प्रधान शामिल हुए, जिनसे सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम प्रधानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक के दौरान मनरेगा के स्थान पर ‘वीबी-जी राम जी’ योजना लागू होने के बाद प्रधानों को भुगतान से संबंधित आ रही समस्याओं पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार को इन समस्याओं की जानकारी मिली है और बहुत जल्द भुगतान संबंधी दिक्कतों का समाधान कर दिया जाएगा। जितेन्द्र 30 मई 2026