राष्ट्रीय
30-May-2026


कई मकान गिरे, गुना के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर पर बिजली गिरी, ग्वालियर, इंदौर समेत 26 जिलों में आंधी-पानी का दौर, कुछ जगह ओले भी गिरे मप्र-यूपी-बिहार में आंधी-बारिश से 56 मौतें -सहारनपुर में 10 गाडिय़ां बहीं; बिहार में 4 फ्लाइट डायवर्ट, 18 लेट; पंजाब में ओले गिरे -राजस्थान के 5 जिलों में रेतीला बवंडर,दिन में अंधेरा छाया, पाकिस्तान से उठे तूफान ने बदला मौसम भोपाल/लखनऊ/पटना(ईएमएस)। देश में गर्मी के बीच 15 से ज्यादा राज्यों में प्री-मानसून बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कई राज्यों में आंधी-तूफान व बिजली गिरने से हुई भारी तबाही हुई है। मप्र-यूपी-बिहार में आंधी-बारिश से करीब 56 मौतें हुई हैं। बिहार में पिछले 24 घंटे में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 22 लोगों की मौत हुई है। पटना में बारिश के चलते 4 फ्लाइट डायवर्ट की गईं, जबकि 18 फ्लाइट लेट रहीं। इससे करीब 500 से ज्यादा यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में आंधी-तूफान की वजह से 31 लोगों की मौत हो गई है। सहारनपुर में भारी बारिश के बाद पहाड़ी से तेज बहाव के साथ पानी नीचे आ गया। इससे इनोवा-ट्रैक्टर समेत 10 गाडिय़ां बह गईं। वहीं मप्र के भिंड में तीन लोगों की मौत हो गई है। नौतपा की भीषण गर्मी के बीच मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। 24 घंटे में ग्वालियर, इंदौर समेत 26 जिलों में आंधी, बारिश हुई। कहीं तेज हवाओं ने असर दिखाया तो कहीं ओले गिरे। गुना में आंधी-बारिश के दौरान प्रसिद्ध हनुमान टेकरी मंदिर पर बिजली गिरने से शिखर क्षतिग्रस्त हो गया। मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 घंटे के दौरान टीकमगढ़ में सवा इंच, दतिया में आधा इंच और नौगांव में पौन इंच पानी गिरा। इसके अलावा ग्वालियर, इंदौर, धार, गुना, रतलाम, उज्जैन, दमोह, खजुराहो, रीवा, सागर, सतना, उमरिया, खरगोन, शिवपुरी, डिंडौरी, मंदसौर, खंडवा, शाजापुर, देवास, झाबुआ, टीकमगढ़, मुरैना, श्योपुर में भी बारिश हुई। श्योपुर और देवास में ओले भी गिरे हैं। भिंड के गोहद, मौ क्षेत्र के अतरसोंहा गांव में वहीं देहात थाना क्षेत्र के सदारिपुरा में एक-एक मौत की खबर है। वहीं रौन थाना क्षेत्र के मानगढ़ गांव में खराब मौसम और तेज आंधी के कारण 30 से 40 भेड़-बकरियों के मरने की जानकारी सामने आई है। जबकि छतरपुर के बमीठा थाना क्षेत्र के पीरा गांव के पास पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। अगले 3 से 4 दिन कई जिलों में आंधी-बारिश मौसम विभाग का अनुमान है कि 31 मई से 2 जून तक भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। मालवा क्षेत्र के अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, मंदसौर और नीमच जिलों में लगातार तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। वहीं 1 जून को रतलाम में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि अलीराजपुर और झाबुआ में भी तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही कई जिलों में 40 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान में अंधेरा छाया राजस्थान के 5 जिलों श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और सीकर में शनिवार दोपहर रेतीला तूफान आया है। इसके कारण करीब 200 वर्ग किलोमीटर के एरिया प्रभावित हुआ। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर के रेतीले तूफान की शुरुआत हुई। इस दौरान 60 से 80 किमी की रफ्तार से आंधी चली। रेतीले तूफान के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया। तूफान के कारण दिन में लोगों को वाहनों की हेडलाइट जलानी पड़ गई। इसके कई वीडियो सामने आए हैं। इनमें लोग भागकर घरों में जाते दिखे और घरों को बंद कर लिया। स्थानीय लोगों ने कहा कि ऐसा रेतीला तूफान पहले कभी नहीं देखा। धूल का गुबार 80-100 फीट ऊंचा था। हालांकि तूफान की ऊंचाई का आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है। इधर तूफान के असर से कई पेड़ उखड़ गए, लाइट पोल टूट गए। फिलहाल किसी की मौत की जानकारी सामने नहीं आई है। दरअसल पाकिस्तान से उठे तूफान का असर राजस्थान के बॉर्डर वाले जिलों पर हुआ है। विनोद उपाध्याय / 30 मई, 2026