24 परगना (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को उस समय नया विवाद खड़ा हो गया, जब तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर क्षेत्र में कथित हमला हुआ। अभिषेक बनर्जी चुनाव बाद हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे थे, तभी उनके काफिले और समर्थकों पर पथराव तथा अंडे फेंके गए। घटना के दौरान अभिषेक बनर्जी को चोट भी लगी। हमले के बाद अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई। उन्होंने दावा किया कि पूरी घटना पूर्व नियोजित थी और इसके पीछे भाजपा का हाथ है। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम के वीडियो मौजूद हैं और वह इस मामले को अदालत तक ले जाएंगे। इस घटना पर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में राजनीतिक हिंसा को बढ़ावा दिया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत विपक्ष के कई नेताओं ने भी घटना की निंदा की और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी का इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस के आरोपों को राजनीतिक सहानुभूति हासिल करने का प्रयास बताया है। सुबोध/३० -०५-२०२६