राष्ट्रीय
30-May-2026


गाजियाबाद (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के खोड़ा क्षेत्र में 17 वर्षीय सूर्या की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। बकरीद के दिन हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस ने जांच तेज कर दी है। चश्मदीद और मृतक के दोस्त आयुष ने घटना की पूरी जानकारी साझा की है। आयुष के अनुसार, आरोपी असद ने उन्हें बकरीद मनाने और कुर्बानी दिखाने के बहाने बुलाया था। आयुष और सूर्या ने पहले ही कहा था कि वे मांस नहीं खाते, लेकिन असद ने उन्हें साथ चलने के लिए कहा। रास्ते में कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे। बातचीत के दौरान अचानक असद ने चाकू निकाला और सूर्या पर हमला कर दिया। सबसे गंभीर वार उसके पेट में किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सूर्या को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना खोड़ा थाना क्षेत्र में हुई और प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की बात भी सामने आई है। मामले में कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है तथा कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद सूर्या के परिजनों में भारी आक्रोश है। उसकी मां ने मुख्य आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सुबोध/३० -०५-२०२६