क्षेत्रीय
30-May-2026
...


अशोकनगर (ईएमएस)। प्रधान जिला न्यायाधीश सतीश चन्द्र शर्मा के मार्गदर्शन में तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी हेमंत कुशवाहा की उपस्थिति में विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय एवं जिला जेल में विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित शिविर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा कार्यकर्ताओं को तम्बाकू सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही तम्बाकू नियंत्रण संबंधी कानूनी प्रावधानों एवं जनस्वास्थ्य की दृष्टि से तम्बाकू मुक्त वातावरण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया। वहीं जिला जेल, अशोकनगर में निरुद्ध बंदियों को भी विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए तम्बाकू एवं उससे निर्मित उत्पादों के सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों, स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों तथा तम्बाकू त्यागने के लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बंदियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं नशा मुक्त जीवन जीने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों को तम्बाकू सेवन से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। शिविर का उद्देश्य जनसामान्य एवं बंदियों के मध्य स्वास्थ्य संरक्षण एवं विधिक जागरूकता का प्रसार करना रहा। इस अवसर पर उक्त शिविर में लीगल एड डिफेंस काउंसल डिप्टी विष्णु नारायण विरथरे, उपस्थित रहे। ईएमएस/ ओमप्रकाश रघुवंशी/ 30 मई 2026