राष्ट्रीय
30-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार यह मॉड्यूल देश की राजधानी समेत कई महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाने की साजिश रच रहा था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के तार पाकिस्तान स्थित आईएसआई और भगोड़े अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि मॉड्यूल के कुछ सदस्यों को सीमा पार से निर्देश मिल रहे थे और उन्हें संवेदनशील स्थानों पर हमले की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल लंबे समय से इस नेटवर्क की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। खुफिया सूचनाओं के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी आतंकी साजिश को विफल कर दिया गया। पूछताछ में आरोपियों के विदेशी संपर्कों, फंडिंग नेटवर्क और संभावित निशानों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस मॉड्यूल के तार देश के अन्य राज्यों और विदेशों में सक्रिय तत्वों से कितने गहरे जुड़े हुए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है और एजेंसियों को इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश है। सुबोध/३० -०५-२०२६