नई दिल्ली (ईएमएस)। गर्मियों के दिनों में पानी पीने का गलत तरीका सेहत पर बुरा असर डाल सकता है। नेशनल हेल्थ मिशन ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि धूप से लौटने के तुरंत बाद ठंडा या बर्फ वाला पानी पीना शरीर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यह आम आदत कई बार गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म दे सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार गर्मी में जब शरीर अत्यधिक गर्म हो जाता है, तब अचानक बहुत ठंडा पानी पीने से शरीर के तापमान में तेजी से बदलाव आता है। इसका असर पाचन तंत्र, गले और शरीर के अन्य अंगों पर पड़ सकता है। इससे गले में खराश, पेट दर्द, सर्दी-जुकाम और पाचन संबंधी परेशानियां हो सकती हैं। यही वजह है कि धूप से लौटने के बाद पानी पीने के सही तरीके को अपनाना जरूरी माना गया है। नेशनल हेल्थ मिशन के मुताबिक बाहर से घर आने के तुरंत बाद पानी नहीं पीना चाहिए। पहले 10 से 15 मिनट तक शरीर को आराम देना चाहिए, ताकि शरीर का तापमान सामान्य हो सके। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि पहले छाया में बैठें, पसीना सूखने दें और सांस सामान्य होने के बाद ही पानी पिएं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि पानी हमेशा धीरे-धीरे छोटे-छोटे घूंट में पीना चाहिए। एक साथ पूरा गिलास पानी पीने से शरीर पर अचानक दबाव पड़ सकता है। इसके अलावा बहुत ठंडा या बर्फ वाला पानी पीने से बचना चाहिए। सामान्य तापमान का या घड़े में रखा पानी ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। विशेषज्ञों ने गर्मी में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक से बचने के लिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है। साथ ही बाहर निकलते समय पानी की बोतल साथ रखने, नारियल पानी और फलों के रस का सेवन करने की भी सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है, क्योंकि उनमें डिहाइड्रेशन का खतरा अधिक रहता है। सुदामा/ईएमएस 31 मई 2026